पॉप स्टार एव्रिल लावीन बनीं मां, 42 साल की उम्र में दिया बेटी को जन्म; शेयर की नन्ही परी की पहली झलक

पॉप स्टार एव्रिल लावीन बनीं मां, 42 साल की उम्र में दिया बेटी को जन्म; शेयर की नन्ही परी की पहली झलक

प्रेषित समय :18:06:46 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मशहूर कनाडाई पॉप सिंगर एव्रिल लावीन के घर खुशियों ने दस्तक दी है. गायिका ने अपने पहले बच्चे के रूप में बेटी का स्वागत किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नन्ही परी की तस्वीरें साझा करते हुए फैंस के साथ यह खुशखबरी बांटी. पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'हमारी प्रिंसेस आ गई है.' हालांकि, उन्होंने अभी तक बेटी का नाम और अपने पार्टनर की पहचान सार्वजनिक नहीं की है.

सोशल मीडिया पर शेयर कीं तीन तस्वीरें

एव्रिल लावीन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर तीन तस्वीरें पोस्ट की हैं. एक तस्वीर में वह और उनके पार्टनर नवजात बच्ची के नन्हे हाथ थामे नजर आ रहे हैं. दूसरी तस्वीर में गायिका अपनी बेटी के साथ दिखाई दे रही हैं. वहीं, तीसरी तस्वीर में परिवार के सदस्यों और बच्ची के छोटे-छोटे जूतों की झलक देखने को मिलती है.

खास बात यह है कि तस्वीरों में उनके पार्टनर का चेहरा नजर नहीं आ रहा है. गायिका ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है. उनकी इस पोस्ट के बाद फैंस और संगीत जगत से जुड़े लोग उन्हें बधाइयां दे रहे हैं.

डेटिंग को लेकर पहले भी कर चुकी हैं बात

एव्रिल लावीन अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखना पसंद करती हैं. मई 2024 में वह एलेक्स कूपर के पॉडकास्ट 'कॉल हर डैडी' में शामिल हुई थीं. इस दौरान उन्होंने अपने डेटिंग अनुभवों के बारे में बात की थी.

गायिका ने कहा था कि उन्होंने कभी पारंपरिक तरीके से डेटिंग नहीं की, बल्कि वह हमेशा लंबे रिश्तों में रही हैं. उस बातचीत में उन्होंने अपनी मौजूदा रिलेशनशिप को लेकर कोई खुलासा नहीं किया था.

दो बार कर चुकी हैं शादी

एव्रिल लावीन की निजी जिंदगी भी पहले काफी चर्चा में रही है. उन्होंने साल 2006 में सम 41 बैंड के फ्रंटमैन डेरिक व्हिब्ली से पहली शादी की थी. उस समय एव्रिल 21 साल की थीं, जबकि डेरिक की उम्र 26 वर्ष थी. दोनों ने 2009 में अलग होने की घोषणा की और 2010 में उनका तलाक पूरा हुआ.

इसके बाद साल 2013 में एव्रिल ने कनाडाई संगीतकार चाड क्रोगर के साथ शादी की. हालांकि, यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चला और 2015 में दोनों अलग हो गए.

अब बेटी के जन्म के साथ एव्रिल लावीन की जिंदगी में एक नया अध्याय शुरू हुआ है. उनकी इस खुशखबरी पर दुनियाभर के प्रशंसक उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-