गायिका सुमन कल्याणपुर का निधन, आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे, ना ना करते प्यार जैसे कई गानों से हुई थीं मशहूर

गायिका सुमन कल्याणपुर का निधन, आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे, ना ना करते प्यार जैसे कई गानों से हुई थीं मशहूर

प्रेषित समय :10:40:03 AM / Mon, Jun 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. देश की जानी-मानी गायिका सुमन कल्याणपुर का रविवार 31 मई की देर शाम को मुंबई में 89 की उम्र में निधन हो गया. रिपोर्ट्स में मौत की वजह उम्र से जुड़ी दिक्कतें बताई जा रही हैं. उनकी करीबी दोस्त मंगला खाडिलकर ने बताया कि सुमन ने रात करीब 8 बजे अंतिम सांस ली. वे पिछले कुछ दिनों से अपने ही गाए हुए गाने सुन रही थीं. उन्होंने बहुत शांति से दुनिया को अलविदा कहा.

उनका अंतिम संस्कार सोमवार 1 जून को पवनहंस श्मशान घाट पर किया जाएगा. उनके परिवार में उनकी बेटी चारू हैं. सुमन को 2023 में पद्मभूषण सम्मान मिला था. सुमन की आवाज की तुलना अक्सर लता मंगेशकर की आवाज से होती थी. फिल्मफेयर की एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने 11 भाषाओं में 3000 से ज्यादा फिल्मी-नॉन फिल्मी गाने गाए.

1960 और 1970 के दशक में खास पहचान बनाई

सुमन कल्याणपुर ने 1960 और 1970 के दशक में अपनी सुरीली आवाज से संगीत जगत में एक खास पहचान बनाई थी. उस दौर में लता मंगेशकर जैसी महान गायिका के रहते हुए भी उन्होंने अपनी अलग जगह बनाई. उनके गाए आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे, ना ना करते प्यार तुम्हीं से और तुमने पुकारा और हम चले आए जैसे गाने आज भी लोकप्रिय हैं. उन्होंने हिंदी के अलावा मराठी, असमी, कन्नड़, बंगाली और ओडिया समेत कई भाषाओं में गाने गाए.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-