जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पनागर स्थित ग्राम भरदा में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. चंडी मेला देखकर अपने घर लौट रहे दो युवकों को बाइक सवार चार बदमाशों ने न केवल बीच रास्ते रोका, बल्कि चाकू और कट्टे की बट से ताबड़तोड़ हमला कर नगदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए. इस दुस्साहसिक घटना से इलाके में दहशत का माहौल है.
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पनागर थाना क्षेत्र के ग्राम भरदा पड़रिया निवासी 30 वर्षीय रूपेश बर्मन बोरबेल का काम करता है. बीती वह अपने साथी अनुज रजक के साथ पड़रिया स्थित चंडी मेला घूमने गया था. मेला देखने के बाद दोनों अपने किसी काम से निपनिया गए थे. काम निपटाने के बाद रात करीब 10.15 बजे रूपेश और अनुज अपनी मोटर साइकिल से वापस अपने गांव भरदा लौट रहे थे. जैसे ही दोनों युवक ग्राम भरदा में स्थित बडग़ैया वेयर हाउस के पास पहुंचे, तभी पीछे से दो मोटर साइकिलों पर सवार होकर चार अज्ञात बदमाश वहां आ धमके. बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में उनकी गाड़ी के आगे मोटर साइकिल अड़ाकर रोक लिया. जब तक दोनों कुछ समझ पाते, तब तक बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.
आरोपियों में से एक बदमाश ने तुरंत रूपेश की गर्दन पर खतरनाक चाकू अड़ा दिया और धमकाते हुए कहा कि "स्मगलिंग करते हो?" रूपेश के इनकार करने पर भी बदमाशों की दरिंदगी कम नहीं हुई. उन्होंने दोनों युवकों को बेरहमी से दबोच लिया. जब रूपेश ने विरोध किया, तो एक हमलावर ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी जांघ के पास गंभीर चोट आई. वहीं, दूसरे बदमाश ने कट्टे की बट से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया. बीच-बचाव करने आए उसके साथी अनुज रजक के सिर पर भी किसी भारी चीज से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया गया.
आरोपियों ने रूपेश की जेब से 44,750 रुपए नकद और अनुज की जेब से 2,900 रुपए नकद के साथ-साथ एक मोटोरोला कंपनी का एच 17 फ्यूजन मोबाइल छीन लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद चारों बदमाश अपनी दोनों मोटर साइकिलों से जलगांव-निपनिया की तरफ तेजी से फरार हो गए. पीडि़तों के मुताबिक, एक हमलावर के पास पल्सर मोटर साइकिल थी, जबकि दूसरी बाइक स्पष्ट रूप से पहचान में नहीं आ पाई. घटना के बाद घबराए पीडि़त ने थाना पनागर पहुंचकर आज लूट और हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 311 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है. पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि बदमाशों का सुराग लग सके.

