जबलपुर. आदिवासियों ने केवल अंग्रेजों से ही नहीं, बल्कि मुगलों से भी लड़ाई लड़ी. उन्होंने स्वधर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष किया. हमारे पास ऐसे आदिवासी नायकों की लंबी श्रृंखला है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और अपनी पहचान के लिए लड़ाई लड़ी. उक्ताशय के विचार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर में बिरसा मुंडा जयंती पर सदर के गैरीसन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में व्यक्त किए. सीएम श्री यादव ने अधारताल स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके भी उनके साथ मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने केवल जल, जंगल और जमीन के लिए संघर्ष नहीं किया, बल्कि अपनी पहचान और संस्कृति की रक्षा के लिए भी लड़ाई लड़ी. स्वाभिमान से बड़ा कोई धन नहीं और संस्कृति से बड़ा कोई गौरव नहीं है. अंग्रेजों की विशाल सत्ता के सामने भी बिरसा मुंडा ने संघर्ष किया. यह हम सभी के लिए गौरव की बात है कि आज हम उन्हें याद कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पूरे देश में जनजातीय नायकों के नाम पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. मध्य प्रदेश में भी पूरे सप्ताह मंत्रालय से लेकर हर जिले, ब्लॉक और छात्रावासों में जनजातीय नायकों को याद किया जा रहा है. आज से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह आयोजित किया जा रहा है. क्रांतिकारी बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर कार्यक्रमों की शुरुआत 14 नवंबर को जबलपुर से हुई.
कांग्रेस ने अमर शहीदों को भुला दिया-
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोगों को यह बात बड़ी मुश्किल लगती है. उन्होंने लंबे समय तक सरकार चलाई, लेकिन हमारे अमर शहीदों को भुला दिया. बिरसा मुंडा की जयंती मनाते समय उनके संघर्ष और योगदान को याद करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने जनजातीय नायकों के सम्मान में कई फैसले लिए हैं. पहली कैबिनेट बैठक रानी दुर्गावती के नाम पर जबलपुर में की थी. इसके बाद राजा संग्राम शाह के नाम पर दमोह में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई. राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने टंट्या मामा का उल्लेख करते हुए कहा कि मालवा में उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया. उनके नाम पर विश्वविद्यालय बनाया गया है. इसी तरह राजा भभूत सिंह ने पचमढ़ी में अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी. उनके नाम पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पास के क्षेत्र को पहचान दी गई है. उन्होंने भीमा नायक, दादा नायक और बादल भोई सहित अन्य जनजातीय नायकों के संघर्ष को याद किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नायकों का संघर्ष आने वाली पीढिय़ों के लिए स्वाभिमान और प्रेरणा का स्रोत है.
18 नवंबर तक मनेगा गौरव सप्ताह-
11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा. इसके तहत भाजपा संगठन, सरकार और समाज मिलकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे. प्रदेश के सभी जिलों में सांस्कृतिक जुलूस निकाले जाएंगे. 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा. 15 नवंबर को विद्यालयों और छात्रावासों में बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी. वहीं, 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से सीधा संवाद और संपर्क अभियान चलाया जाएगा. जनजातीय विकासखंडों के विद्यालयों और छात्रावासों में विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा सहित अन्य जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान की जानकारी दी जाएगी.
जल, जंगल और जमीन के लिए किया संघर्ष-
क्रांतिकारी बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष के साथ जनजातीय समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन किया. छोटा नागपुर क्षेत्र में जनजातीय भूमि को गैर-जनजातीय लोगों द्वारा कानूनी अनुमति के बिना खरीदने पर रोक लगाने वाले भूमि संरक्षण कानून के निर्माण में उनके आंदोलन की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

