साइबर ठगों का जबलपुर में फैला जाल, रोज फंस रहे लोग, बैंक एकाउंट हो रहे खाली

साइबर ठगों का जबलपुर में फैला जाल, रोज फंस रहे लोग, बैंक एकाउंट हो रहे खाली

प्रेषित समय :16:11:41 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में ऑनलाइन ठगों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. आए दिन भोले-भाले नागरिकों को विभिन्न प्रलोभनों, फर्जी विज्ञापनों और ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाकर उनकी गाढ़ी कमाई लूटी जा रही है. हाल ही में जबलपुर के अलग-अलग थानों में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी (साइबर फ्रॉड) के चार गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं.

पुलिस के अनुसार थाना विजयनगर में हरिवती मरावी 24 वर्ष, निवासी शारदा मंदिर के पास माढोताल, मूल निवासी  डिण्डौरी  ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गलत पहचान बताकर और जाली दस्तावेजों व इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का भय दिखाकर व भ्रमित करके उनके साथ 33,996 रुपए की वित्तीय धोखाधड़ी की. ठगों ने 24 अक्टूबर 2026 को उनके सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से यह रकम अवैध रूप से ट्रांसफर कर ली. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

इंस्टाग्राम पर फर्जी पेज बनाकर कपड़ों के नाम पर 53,462 रुपए ठगे-

थाना गोरखपुर क्षेत्र में मिकाइल मरावी 25 वर्ष, निवासी नैनपुर, मंडला ने शिकायत दर्ज कराई कि वे गोरखपुर में हीरा स्वीट्स के सामने कपड़ों की दुकान चलाते हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर टेड आउट फिट केरला नामक पेज पर कपड़ों की डिटेल देखकर 29 अक्टूबर 2026 को ऑर्डर दिया था. 29 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 के बीच उनके और उनकी बहन आराधना मरावी के भारतीय स्टेट बैंक (नैनपुर शाखा) के खातों से कुल 4 ट्रांजेक्शन के माध्यम से 53,462 रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए. रुपए मिलने के बाद भी न तो कपड़े मिले और न ही आरोपी सामान भेज रहे हैं, बल्कि लगातार पैसों की मांग कर रहे हैं.

गन्ने की कटाई के लिए मजदूर भेजने के नाम पर 32,000 रुपए की ठगी-

थाना गोरखपुर में ही दर्ज एक अन्य मामले में रघुवीर अहिरवार (34 वर्ष, निवासी- सेठीनगर गुप्तेश्वर, मूल निवासी- नरसिंहपुर) ने बताया कि उन्हें गन्ने की खेती के लिए मजदूरों की आवश्यकता थी. 'जस्ट डायल' ऐप के माध्यम से संपर्क करने पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया जिसने असम से बोल रहा होने और मजदूर उपलब्ध कराने की बात कही. आरोपी ने 15 मजदूरों के ट्रेन टिकट के पैसे मांगे. विश्वास दिलाने के लिए उसने 27 अक्टूबर 2026 को व्हाट्सएप पर फर्जी ट्रेन टिकट भी भेज दी, जिसके बाद पीडि़त ने क्यूआर कोड के माध्यम से 7,000 रुपए ट्रांसफर कर दिए. इसके अगले दिन (28 अक्टूबर) ठग ने फोन कर कहा कि टीटीई ने गैस टंकी के साथ पकड़ लिया है और चालान न भरने पर जेल भेजने की धमकी दी. डर के मारे पीडि़त ने तीन बार में 25,500 रुपए और ट्रांसफर कर दिए. जब आरोपी ने और 49,000 रुपए मांगे, तब पीडि़त को शक हुआ. रेलवे स्टेशन जाकर पता करने पर टिकट फर्जी निकली. कुल मिलाकर आरोपियों ने 32,000 रुपए की ठगी कर ली.

आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 65,500 रुपए की वसूली-

थाना सिविल लाईन में प्रशांत कुमार साहू (50 वर्ष, निवासी- बिहारी एपीआर-2 कॉलोनी, सिविल लाईन) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वे पश्चिम मध्य रेलवे में निजी सचिव के पद पर पदस्थ हैं. 12 नवंबर 2026 को लगभग 11 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया. कॉलर ने आपत्तिजनक वीडियो देखने का झूठा आरोप लगाते हुए उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी. डर और मानसिक दबाव का फायदा उठाकर सायबर ठगों ने यूपीआई के माध्यम से दो बार में क्रमश: 25,500 रुपए और 40,000 रुपए यानी कुल 65,500 रुपए ऐंठ लिए.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-