जबलपुर. जबलपुर के खलरी गांव में पिछले एक हफ्ते से मौत बनकर घूम रहे एक तेंदुए ने पूरे इलाके की नींद उड़ा दी है. गांव की गलियों से लेकर खेतों तक तेंदुए की लगातार हो रही चहलकदमी ने ग्रामीणों के दिलों में खौफ भर दिया है. आलम यह है कि फसल की कटाई और सिंचाई का समय होने के बावजूद किसान अपनी जान बचाने के लिए खेतों की ओर कदम रखने से भी कांप रहे हैं.
दहशत उस वक्त चरम पर पहुंच गई जब शुक्रवार शाम करीब 4 बजे यह खूंखार शिकारी सीधे गांव के स्कूल के पास आ धमका. तेंदुए को देख गांव में चीख-पुकार मच गई. ग्रामीण रामनरेश ने बताया कि अनहोनी की आशंका को देखते हुए गांव वालों ने हिम्मत जुटाई और लाठी-डंडे लेकर शोर मचाते हुए किसी तरह तेंदुए को जंगल की तरफ खदेड़ा. ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ बार-बार स्कूल के आसपास ही मंडरा रहा है, जहां रोजाना सैकड़ों मासूम बच्चे पढऩे आते हैं.
इस गंभीर संकट के बीच वन विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं. ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि तेंदुए की मौजूदगी की सूचना तुरंत फोन पर दी गई, लेकिन विभाग का एक भी अधिकारी या कर्मचारी मौके पर झांकने तक नहीं आया. दूसरी तरफ, अपनी लापरवाही छिपाते हुए वन विभाग का दावा है कि इलाके में लगातार गश्त (पेट्रोलिंग) कराई जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

