लोन मैनेजर से चाकू की नोक पर 89 हजार रुपए, मोबाइल फोन लूटा, पनागर क्षेत्र में घटना से सनसनी

लोन मैनेजर से चाकू की नोक पर 89 हजार रुपए, मोबाइल फोन लूटा, पनागर क्षेत्र में घटना से सनसनी

प्रेषित समय :16:52:04 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पनागर क्षेत्र में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां पर दिनदहाड़े लोन रिकवरी करके लौट रहे एक फाइनेंस कंपनी के मैनेजर को बदमाशों ने चाकू की नोक पर 89 हजार रुपये नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए. इस दुस्साहसिक घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पनागर के पड़ाव निवासी 19 वर्षीय भोले यादव क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड बैंगलोर ब्रांच ऑफिस पनागर में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. भोले यादव अपनी टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल से विभिन्न रिठौरी, छितरी, तिलगंवा और गाजर से समूह के सदस्यों से लोन की किस्तों के रूप में कुल 89,929 रुपये की नगदी एकत्र कर पनागर आने के लिए निकले.

जब वे तिलगंवा और एलपीआर के बीच मुख्य मार्ग पर टर्निंग के पास पहुंचे, तो वहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उनकी राह रोक ली. बिना नंबर प्लेट वाली एक ग्रे कलर की स्कूटी सड़क के बीचों-बीच आड़ी खड़ी थी, जिसके पास तीन संदिग्ध लड़के खड़े थे.

जब भोले यादव ने गाड़ी रोकने का इशारा देखकर निकलने की कोशिश की, तो एक बदमाश ने उनकी मोटरसाइकिल की चाबी निकाल ली. इसके बाद दूसरे बदमाश ने बेखौफ होकर उन पर चाकू तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए बैग सौंपने को कहा. विरोध करने पर बदमाशों ने जबरन उनका बैग छीन लिया, जिसमें 89,929 रुपये की रिकवरी राशि थी.

इतना ही नहीं, बदमाशों ने उनकी जेब में रखा वीवो (ङ्कद्ब1श) कंपनी का मोबाइल फोन भी लूट लिया और इसके बाद तीनों लुटेरे स्कूटी से एलपीआर की तरफ हवा हो गए. पीडि़त मैनेजर के अनुसार, तीनों लुटेरों की उम्र 18 से 24 वर्ष के बीच थी और उन्होंने जींस व शर्ट पहन रखी थी. घटना के तुरंत बाद पीडि़त ने पनागर थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई. पनागर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-