चंडीगढ़. पंजाब के युवाओं को अब घर बैठे एक करोड़ रुपये जीतने का मौका मिलेगा. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को ‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता का ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया. लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की तर्ज पर शुरू की गई इस प्रतियोगिता में युवाओं को मोबाइल और ऑनलाइन पोर्टल के जरिए सवालों के जवाब देने होंगे. प्रतियोगिता में 15 से 30 वर्ष तक की आयु के युवा हिस्सा ले सकेंगे.
इस पहल का उद्देश्य युवाओं का सामान्य ज्ञान बढ़ाने के साथ उन्हें सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है. प्रतियोगिता में पंजाब के इतिहास, संस्कृति, विरासत, भूगोल और विभिन्न शैक्षणिक विषयों से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे.
11 चरणों में होगी प्रतियोगिता
‘पंजाब दा करोड़पति’ प्रतियोगिता कुल 11 चरणों में आयोजित की जाएगी. पहले नौ राउंड ऑनलाइन होंगे. इनमें प्रतिभागियों को बहुविकल्पीय सवालों के जवाब देने होंगे. प्रत्येक प्रश्न के चार विकल्प होंगे और सही उत्तर देने वाले प्रतिभागी अगले चरण में पहुंचेंगे. हर अगले राउंड में सवालों का स्तर कठिन होता जाएगा.
दसवां राउंड जिला स्तर पर ऑफलाइन होगा. पंजाब के सभी 23 जिलों में मुकाबले आयोजित किए जाएंगे. यहां से चयनित प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले में पहुंचेंगे, जहां 11वें और अंतिम चरण में एक करोड़ रुपये के विजेता का फैसला होगा.
विजेता को एक करोड़, चार उपविजेताओं को 10-10 लाख
प्रतियोगिता के ग्रैंड फिनाले में विजेता को एक करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा. वहीं, चार उपविजेताओं को 10-10 लाख रुपये मिलेंगे. इसके अलावा शीर्ष रैंक हासिल करने वाले 10 हजार प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देने का प्रावधान है.
50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार
प्रतियोगिता के लिए करीब 50 हजार सवालों का प्रश्न बैंक तैयार किया गया है. इसमें पंजाब के इतिहास, संस्कृति, विरासत, भूगोल, गणित और राज्य सरकार से संबंधित प्रश्न शामिल हैं. इसके अलावा पटवारी, पुलिस कांस्टेबल, पंजाब सिविल सर्विसेज (पीसीएस) और सब डिवीजनल ऑफिसर (एसडीओ) जैसी सरकारी भर्तियों की परीक्षाओं से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे. इससे युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी परखने का अवसर मिलेगा.
स्कूल-कॉलेजों से पंजीकरण बढ़ाने की अपील
पोर्टल लॉन्च के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने स्कूल-कॉलेजों के शिक्षकों और अभिभावकों से युवाओं को प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह युवाओं के लिए ज्ञान बढ़ाने, प्रतिभा दिखाने और पुरस्कार जीतने का अच्छा अवसर है. मुख्यमंत्री ने अधिक से अधिक युवाओं से प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

