पंजाब में दिवाली पर पराली जलाने की घटनाओं में उछाल, एक दिन में 1,152 मामले दर्ज

पंजाब में दिवाली पर पराली जलाने की घटनाओं में उछाल, एक दिन में 1,152 मामले दर्ज

प्रेषित समय :14:19:43 PM / Mon, Nov 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

चंडीगढ़. पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में अचानक बड़ा उछाल आया. 8 नवंबर को राज्य में पराली जलाने की 1,152 घटनाएं दर्ज की गईं. पिछले तीन वर्षों में एक दिन में सामने आए मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है. जिलेवार आंकड़ों में संगरूर सबसे आगे रहा, जहां 194 घटनाएं दर्ज की गईं. वहीं, रूपनगर में सबसे कम एक मामला सामने आया.

पंजाब रिमोट सेंसिंग सेंटर (PRSC) के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को उपग्रह के जरिए राज्यभर में पराली जलाने की 1,152 सक्रिय घटनाओं का पता चला. इससे एक दिन पहले, 7 नवंबर को ऐसी 163 घटनाएं दर्ज की गई थीं. इस बढ़ोतरी के साथ चालू सीजन में पराली जलाने के कुल मामले 4,459 हो गए हैं.

तीन साल में 8 नवंबर को सबसे ज्यादा घटनाएं

पिछले वर्षों के आंकड़ों से तुलना करें तो इस बार 8 नवंबर को पराली जलाने की घटनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. वर्ष 2024 में इसी तारीख को 730 और 2025 में 238 घटनाएं दर्ज की गई थीं. वहीं, इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 1,152 पहुंच गया. इस तरह पिछले तीन वर्षों में 8 नवंबर को पराली जलाने की यह सबसे अधिक दर्ज घटनाएं हैं.

पंजाब में धान की कटाई के सीजन के दौरान पराली जलाने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. राज्य सरकार की ओर से इन मामलों में कमी आने का दावा किया जाता रहा है, लेकिन दिवाली के दिन सामने आए आंकड़े वायु प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ाने वाले हैं. ये आंकड़े वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के निर्देशों के तहत PRSC ने उपग्रह रिमोट सेंसिंग और निर्धारित मानक प्रोटोकॉल के आधार पर तैयार किए हैं.

900 लोगों पर FIR, 62 लाख रुपये से अधिक जुर्माना

पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई भी तेज की है. नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब तक 62 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से करीब 33 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है. इसके अलावा, लगभग 900 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में 1,017 मामलों में रेड एंट्री की गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-