यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अधिकारियों के तबादले; कई जिलों को मिले नए DM

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 38 IAS अधिकारियों के तबादले; कई जिलों को मिले नए DM

प्रेषित समय :18:30:18 PM / Sat, Nov 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस बदलाव में कई जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं. इसके अलावा विकास प्राधिकरणों, नगर निगमों और विभिन्न विभागों में भी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को तबादला आदेश जारी किया.

आईएएस अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है. वहीं, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के विशेष सचिव अभिषेक कुमार को गोरखपुर का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है. राजेश कुमार को अयोध्या का मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया है.

कई जिलों में बदले गए जिलाधिकारी

महाराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को सिद्धार्थनगर भेजा गया है. वहीं, सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी शिव शरणप्पा अब महाराजगंज की जिम्मेदारी संभालेंगे. मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को नगर विकास विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है. उनकी जगह सुनील कुमार सिंह को मुजफ्फरनगर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है.

सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर. को निदेशक सूडा बनाया गया है. उनके स्थान पर प्रथमेश कुमार को सीतापुर की कमान सौंपी गई है. बिजनौर का नया जिलाधिकारी जोगिंद्र सिंह को बनाया गया है, जबकि मौजूदा जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह को लोक निर्माण विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है.

गाजियाबाद और वाराणसी नगर निगम में भी बदलाव

गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं, शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नया नगर आयुक्त बनाया गया है.

अन्य अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी

सौम्य श्रीवास्तव को ग्रेटर नोएडा में विशेष कार्य अधिकारी के प्रभार से हटाया गया है. प्रतिभा सिंह को कानपुर मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है. वह इससे पहले आगरा मंडल में इसी पद पर कार्यरत थीं. मंजूलता को मुरादाबाद नगर निगम में अपर नगर आयुक्त बनाया गया है, जबकि अतुल कुमार को बरेली मंडल का अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है.

योगेंद्र कुमार को फिरोजाबाद में विकास अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है. शत्रुघ्न वैश्य को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है. सुशील कुमार सिंह को श्रावस्ती का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है.

इसके अलावा सुनील कुमार चौधरी को राजस्व परिषद में भूमि व्यवस्था आयुक्त, श्रीलक्ष्मी वीएस को महिला कल्याण विभाग का विशेष सचिव और पवन कुमार को नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है. डॉ. नितिन मदान को उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) का संयुक्त प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है. तबादला सूची में शामिल अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न विभागों और प्रशासनिक पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-