आगरा में अखिलेश यादव का BJP पर तीखा हमला, बोले- BJP को हराना नहीं, हमेशा के लिए खत्म करना है

आगरा में अखिलेश यादव का BJP पर तीखा हमला, बोले- BJP को हराना नहीं, हमेशा के लिए खत्म करना है

प्रेषित समय :17:06:10 PM / Sun, Nov 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित जीआईसी मैदान में 15 नवंबर को समाजवादी पार्टी की ओर से विशाल दलित महासम्मेलन आयोजित किया गया. कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शामिल हुए. पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला और दलित समाज से पार्टी के खिलाफ एकजुट होने की अपील की.

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी को केवल हराना ही नहीं, बल्कि हमेशा के लिए मिटाना है. उन्होंने दावा किया कि दलित समाज बीजेपी को सत्ता से बाहर करने में अहम भूमिका निभाएगा. उन्होंने कहा कि जो लोग यह समझ रहे थे कि उनकी राजनीतिक पकड़ मजबूत है, इस सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक जाएगी.

PDA में D का मतलब अब 'दमदार दलित'

सपा प्रमुख ने PDA की परिभाषा का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी के लोग इसकी परिभाषा बदलने की कोशिश करते हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी के PDA में D का मतलब अब 'दमदार दलित' है.

उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज के खिलाफ साजिश और षड्यंत्र किए जा रहे हैं. अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार के पिछले 10 साल के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस दौरान दलितों का उत्पीड़न हुआ और देश में उनके खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ीं.

अंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़े जाने का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाए जाने का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने दावा किया कि पहले 151 प्रतिमाएं तोड़ी गई थीं और अब यह संख्या 200 तक पहुंच गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाओं के बावजूद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई.

सपा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहब की प्रतिमा तोड़ना संविधान और उससे मिले अधिकारों पर हमला करने जैसा है. उन्होंने लोगों से संविधान की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि संविधान सुरक्षित रहेगा, तभी लोगों के अधिकार भी सुरक्षित रहेंगे.

अयोध्या से प्रभु राम का आशीर्वाद मिलने की बात कही

सम्मेलन के दौरान अखिलेश यादव ने अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा कि प्रभु राम ने उन्हें आशीर्वाद दिया है. उन्होंने अपने संबोधन में राजनीतिक संघर्ष और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-