उन्नाव. उत्तर प्रदेश में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर औरास थाना क्षेत्र में मंगलवार 26 मई की सुबह तेज रफ्तार स्लीपर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई. हादसे में बिहार के एक दरोगा, एक कैदी समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 यात्री घायल हो गए. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से बिहार जा रही थी. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित हो गई. हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, उस समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे. बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई यात्री खिड़कियों से बाहर उछलकर एक्सप्रेसवे के नीचे खंती में जा गिरे.
बताया गया कि बिहार पुलिस के दरोगा रामचंद्र एक कैदी छत्रपाल को बयान दर्ज कराने के लिए सिवान से दिल्ली ले गए थे और वापस बिहार लौट रहे थे. हादसे में दोनों की मौत हो गई. घटना के करीब आठ मिनट बाद मौके पर पहुंचे यूपीडा कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी. औरास पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है.
एएसपी शैलेंद्र लाल समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराई. गंभीर रूप से घायल कई यात्रियों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है. पुलिस और यूपीडा ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


