एंटरटेनमेंट डेस्क. पंजाबी और बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाने वाले सिंगर गुरु रंधावा इन दिनों अपने दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर चर्चा में हैं. इसी बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो साझा कर अपने संघर्ष के दिनों को याद किया है. सिंगर ने बताया कि आज लोग उनकी सफलता देखते हैं, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के पीछे छिपी मुश्किलों और उन अंधेरी रातों से अनजान हैं, जिनका उन्होंने सामना किया था.
गुरु रंधावा ने साल 2012 के शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन दोस्तों का भी जिक्र किया, जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया और संगीत की दुनिया में आगे बढ़ने के लिए हौसला दिया.
2012 के संघर्ष को याद कर भावुक हुए सिंगर
गुरु रंधावा ने अपना पुराना वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि लोग आज की सफलता तो देखते हैं, लेकिन साल 2012 की उन मुश्किल रातों को नहीं जानते. उस समय उनके पास फेसबुक पर वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए अच्छा स्मार्टफोन तक नहीं था.
उन्होंने बताया कि गुरसाहिब चंडोक पाजी ने वीडियो शूट करने के लिए एक दोस्त से कैमरा उधार लिया था, ताकि सूर्यास्त के बाद भी शूटिंग की जा सके. वहीं परमीत उनके साथ बैठकर पूरे मन से कीबोर्ड पर काम करता था.
सिंगर ने अपने पुराने साथियों को याद करते हुए कहा कि उनकी सफलता के सफर में इन दोस्तों का योगदान बेहद अहम रहा है.
परिवार को बेहतर जिंदगी देने के वादे के साथ छोड़ा गांव
गुरु रंधावा ने अपने गांव से बाहर निकलने के फैसले के पीछे की वजह भी साझा की. उन्होंने लिखा कि जब उन्होंने अपना पिंड छोड़ा था, तब उनके पास सिर्फ एक वादा था. वह इतनी मेहनत करना चाहते थे कि अपने परिवार को ऐसी जिंदगी दे सकें, जिस पर उन्हें गर्व हो.
उन्होंने कहा कि गांव छोड़ने के बाद से उनका हर कदम इसी वादे से जुड़ा रहा है. जिन दोस्तों ने उस समय उनका साथ दिया, जब उनके पास उन्हें देने के लिए कुछ नहीं था, वे आज भी उनके लिए खास हैं.
अपने दिसंबर में होने वाले कॉन्सर्ट का जिक्र करते हुए गुरु ने कहा कि हर साउंड चेक और देर रात तक चलने वाली प्रैक्टिस उन लोगों के नाम है, जिन्होंने उन्हें आगे बढ़ने का हौसला दिया और गांव के उस लड़के पर भरोसा जताया.
12 दिसंबर को दिल्ली में होगा कॉन्सर्ट
गुरु रंधावा ने अपनी पोस्ट में बताया कि उनका कॉन्सर्ट 12 दिसंबर 2026 को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित होगा. इसके टिकट बुकमायशो पर उपलब्ध हैं. सिंगर ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, दोस्तों और उन सभी लोगों को दिया, जिन्होंने मुश्किल दौर में उन पर भरोसा बनाए रखा.
फायरिंग और गाने को लेकर भी रहे चर्चा में
हाल के दिनों में गुरु रंधावा कई अन्य वजहों से भी सुर्खियों में रहे हैं. उनके दिल्ली स्थित जिम के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई थी. इसके अलावा उनका गाना 'फाइन शिट' (Fine Shyt) भी चर्चा और आलोचनाओं का विषय बना.
गाने को लेकर हो रही आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंगर ने इसे आम बोलचाल का शब्द बताया और कहा कि उन्हें सोशल मीडिया पर बन रहे एडिट्स पसंद आ रहे हैं.
इससे पहले उनका गाना 'अजूल' भी विवादों में रहा था. इसमें स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों के डांस को लेकर सवाल उठाए गए थे. आलोचकों ने गाने पर स्कूली छात्राओं के चित्रण और शिक्षक-छात्र संबंधों को अनुचित तरीके से पेश करने के आरोप लगाए थे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

