मटन देखते ही सूर्यकुमार यादव का बदला अंदाज, चूल्हे के सामने जमीन पर बैठकर खाने लगे खाना; वीडियो वायरल

मटन देखते ही सूर्यकुमार यादव का बदला अंदाज, चूल्हे के सामने जमीन पर बैठकर खाने लगे खाना; वीडियो वायरल

प्रेषित समय :18:42:37 PM / Sun, Nov 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव इन दिनों सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी कर रहे हैं. शनिवार को हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए तूफानी पारी खेली. इसी बीच मैदान से बाहर उनका एक अलग अंदाज सोशल मीडिया पर चर्चा में है. सूर्यकुमार का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह सरफराज खान के साथ जमीन पर बैठकर चूल्हे के पास देसी खाने का आनंद लेते नजर आ रहे हैं.

मुंबई और हैदराबाद के बीच यह मुकाबला कोलकाता के जाधवपुर यूनिवर्सिटी कैंपस ग्राउंड में खेला गया था. मैच के बाद सूर्यकुमार का यह देसी अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है.

चूल्हे के सामने बैठकर लिया घर के खाने का आनंद

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सूर्यकुमार यादव एक किचन में जमीन पर बैठकर खाना खाते दिखाई दे रहे हैं. उनके साथ क्रिकेटर सरफराज खान भी मौजूद हैं. वीडियो में सूर्यकुमार बताते हैं कि मनिक भाई ने मटन बनाया है, जबकि दादा रोटियां बेल रहे हैं और चूल्हे पर गर्मागर्म रोटियां तैयार हो रही हैं.

सूर्यकुमार कहते हैं, ''एकदम घर का खाना, घर वाली फीलिंग आ रही है. अपने को ऐसे ही पसंद है.''

वहीं सरफराज खान भी खाने की तारीफ करते हुए कहते हैं कि खाना इतना अच्छा बना है कि बात करने का मन नहीं कर रहा, सिर्फ खाने का मन हो रहा है. उन्होंने खाना बनाने वालों का शुक्रिया भी अदा किया.

हैदराबाद के खिलाफ 15 गेंदों में जड़ा अर्धशतक

सूर्यकुमार यादव ने हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने महज 15 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. सूर्यकुमार ने 21 गेंदों का सामना करते हुए 60 रन बनाए.

इस पारी के जरिए उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और टीम इंडिया में वापसी की दावेदारी को मजबूती देने का प्रयास किया.

टीम इंडिया में वापसी पर सूर्यकुमार की नजर

सूर्यकुमार यादव फिलहाल भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं. हालांकि, उन्होंने घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन के जरिए वापसी की उम्मीद बरकरार रखी है. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की कप्तानी करते हुए उनकी यह पारी उनके आत्मविश्वास के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-