ग्वालियर. घाटीगांव क्षेत्र के बरई गांव में भगवान बिरसा मुंडा के मंदिर में पूजा-अर्चना से रोकने और प्राचीन प्रकृति चबूतरा तोड़े जाने के आरोप को लेकर आदिवासी समाज के लोगों ने शनिवार देर शाम ग्वालियर एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में सैकड़ों लोग शामिल हुए. इस दौरान महिलाओं ने सिर पर चप्पल रखकर विरोध जताया और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की.
मंदिर में पूजा रोकने और चबूतरा तोड़ने का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि गांव के कुछ स्थानीय दबंग उन्हें भगवान बिरसा मुंडा के मंदिर में पूजा-अर्चना करने से रोक रहे हैं. इसके अलावा गांव के प्रेम नगर में स्थित प्राचीन प्रकृति चबूतरे को भी तोड़ दिया गया है. आदिवासी समाज के लोगों का कहना है कि यह स्थान उनकी आस्था से जुड़ा है और यहां वर्षों से प्रकृति पूजा की परंपरा चली आ रही है.
प्रदर्शन में शामिल बीएसपी नेता हाकिम सिंह के मुताबिक, आदिवासी समाज के लोगों ने प्राचीन चबूतरे पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित कर मंदिर बनाया था. यह स्थान समाज के लोगों की आस्था का केंद्र है. आरोप है कि हाल ही में कुछ लोगों ने चबूतरे को क्षतिग्रस्त कर दिया और मंदिर में पूजा करने से भी रोकने लगे.
पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एक स्थानीय व्यक्ति मंदिर की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है और समाज के लोगों को उनके धार्मिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है. उनका कहना है कि इस मामले में वे घाटीगांव थाना पुलिस से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उचित कार्रवाई करने की मांग की.
जांच के बाद होगी वैधानिक कार्रवाई
मामले में सीएसपी बिंदुसार सिंह ने बताया कि बरई गांव के कुछ लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा मंदिर के चबूतरे को तोड़ने का आरोप एक व्यक्ति पर लगाया है. इस संबंध में आदिवासी समाज के लोगों ने एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए आवेदन दिया है. मामले की जांच के लिए घाटीगांव थाना प्रभारी को निर्देश दिए गए हैं. जांच के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

