सोलापुर. महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के पंढरपुर तालुका स्थित आंबे गांव में कुएं की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया. अचानक कुएं की दीवार ढहने से चार मजदूर मिट्टी के भारी मलबे में दब गए. इस हादसे में चारों की मौत हो गई. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है. महाराष्ट्र सरकार के मंत्री जयकुमार गोरे ने हादसे पर दुख जताया है.
खुदाई के दौरान ढह गई कुएं की दीवार
जानकारी के अनुसार, आंबे गांव में किसान निवास शिंदे के खेत में नए कुएं की खुदाई का काम चल रहा था. इस दौरान कुछ मजदूर कुएं के अंदर उतरकर काम कर रहे थे. तभी अचानक कुएं का किनारा और दीवार ढह गई. देखते ही देखते मिट्टी का भारी मलबा अंदर गिर पड़ा और चारों मजदूर उसके नीचे दब गए.
चार मजदूरों की मौत
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मंगेश मोरे, सिद्धेश्वर घाडगे, तानाजी घोडके और आबा घोडके के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया. मजदूरों के मलबे में गहराई तक दबे होने के कारण उन्हें बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं. राहत एवं बचाव कार्य में जेसीबी मशीन की मदद ली गई. मामले में पंढरपुर तालुका पुलिस स्टेशन में घटना दर्ज की गई है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. एक साथ चार मजदूरों की मौत से आंबे गांव में मातम पसरा है. हादसे ने मृतकों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

