रोड शो में किशोर की मौत पर अखिलेश यादव को योगी की दो टूक, बोले- गुंडे-माफिया कभी सीधे नहीं हो सकते

रोड शो में किशोर की मौत पर अखिलेश यादव को योगी की दो टूक, बोले- गुंडे-माफिया कभी सीधे नहीं हो सकते

प्रेषित समय :16:04:55 PM / Thu, Nov 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान 14 वर्षीय किशोर आर्यवर्धन सिंह की मौत का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में तीखी टिप्पणी करते हुए कहा, ''जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, उसी तरह गुंडे-माफिया कभी सीधे नहीं हो सकते। इन्हें डंडे से ही सीधा किया जा सकता है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों के समर्थक सड़कों पर अराजकता फैलाने का काम कर रहे हैं।

रोड शो की अव्यवस्था पर उठाए सवाल

योगी आदित्यनाथ ने रोड शो के दौरान हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बेहतर सड़कों का निर्माण लोगों की सुविधा और विकास के लिए किया गया है, न कि किसी को अराजकता फैलाने की छूट देने के लिए।

उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि घटना के बाद पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए भी आगे नहीं आया गया। मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि आखिर उस मासूम किशोर की क्या गलती थी, जिसे अपनी जान गंवानी पड़ी।

पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह मृतक किशोर के परिवार से मुलाकात करेंगे और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में अराजकता और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वानिकी विश्वविद्यालय का किया शिलान्यास

इससे पहले मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में वानिकी विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री अरुण कुमार ने विश्वविद्यालय का नाम ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ के नाम पर रखने की घोषणा की।

शिलान्यास कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री का टाउनहॉल में जनचौपाल लगाने का कार्यक्रम भी निर्धारित था। इसके बाद वह सड़क हादसे में जान गंवाने वाले आर्यवर्धन सिंह के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करने वाले थे।

रोड शो के दौरान किशोर की मौत का मामला अब राजनीतिक बयानबाजी का केंद्र बन गया है। वहीं, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और घटना की जिम्मेदारी तय करने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-