भोपाल. मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब उन्हें राज्य सेवा परीक्षा में शामिल होने के लिए पूरे एक साल का इंतजार नहीं करना पड़ेगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवा वर्ष 2027 के तहत राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने की घोषणा पर अमल करते हुए वर्ष 2027 का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है. इससे अभ्यर्थियों को एक साल में दो बार परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा.
सरकार ने वादे को धरातल पर उतारा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने युवा वर्ष 2027 के तहत MPPSC की राज्य सेवा परीक्षा साल में दो बार आयोजित करने का संकल्प लिया था. परीक्षा कैलेंडर जारी करना इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है.
अभ्यर्थियों को तैयारी की योजना बनाने में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा कैलेंडर जारी होने से अभ्यर्थियों को अपनी पढ़ाई और तैयारी की रणनीति पहले से तय करने में मदद मिलेगी. वे घोषित परीक्षा तिथियों के अनुसार अध्ययन, रिवीजन और अन्य तैयारियों की योजना बना सकेंगे. साल में दो बार परीक्षा आयोजित होने से युवाओं को अपनी तैयारी परखने और सफलता हासिल करने के लिए अतिरिक्त अवसर भी मिलेगा.
पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने MPPSC की तैयारी कर रहे सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए पूरे आत्मविश्वास, लगन और समर्पण के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया. परीक्षा कैलेंडर जारी होने के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर इसमें घोषित परीक्षा तिथियों और भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों पर रहेगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

