महाराष्ट्र - बाल सुधार गृह से छह बालिकाओं के फरार होने का मामला, पुलिस ने हिंगणघाट से खोजा

महाराष्ट्र - बाल सुधार गृह से छह बालिकाओं के फरार होने का मामला, पुलिस ने हिंगणघाट से खोजा

प्रेषित समय :14:57:08 PM / Sat, Nov 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

चंद्रपुर. महाराष्ट्र के चंद्रपुर स्थित सिविल लाइन्स के जिला सरकारी बाल सुधार गृह से 19 नवंबर की रात छह बालिकाएं फरार हो गईं. बालिकाओं ने सुरक्षा रक्षक को टूटी हुई कांच की बोतल से धमकाया और दीवार फांदकर परिसर से बाहर निकल गईं. घटना के बाद पुलिस और जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया. हालांकि, पुलिस ने सभी छह बालिकाओं को वर्धा जिले के हिंगणघाट से सुरक्षित बरामद कर लिया.

समुपदेशन के लिए आई बालिका ने बनाई भागने की योजना

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन एक बालिका को समुपदेशन के लिए बाल सुधार गृह लाया गया था. बताया जा रहा है कि उसी ने अन्य बालिकाओं के साथ मिलकर फरार होने की योजना बनाई. इसके तहत कांच की बोतल तोड़कर सुरक्षा रक्षक की गर्दन पर रखी गई और उसे धमकाया गया. इसके बाद छहों बालिकाएं एक-एक कर दीवार फांदकर परिसर से बाहर निकल गईं.

35 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया. बालिकाओं का पता लगाने के लिए चंद्रपुर शहर के करीब 35 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. पुलिस ने रातभर शहर के अलग-अलग इलाकों में गश्त और तलाशी अभियान चलाया. जांच के दौरान बालिकाओं के वर्धा जिले के हिंगणघाट क्षेत्र में छिपे होने की सूचना मिली. इसके बाद चंद्रपुर पुलिस ने हिंगणघाट पुलिस से संपर्क किया. स्थानीय पुलिस ने अभियान चलाकर सभी छह बालिकाओं को खोज निकाला और सुरक्षित चंद्रपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया.

बाल सुधार गृह की सुरक्षा पर उठे सवाल

सभी बालिकाओं के सुरक्षित मिलने से प्रशासन ने राहत की सांस ली, लेकिन एक साथ छह बालिकाओं के फरार होने की घटना ने बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सिविल लाइन्स जैसे इलाके में स्थित संस्थान से बालिकाओं का सुरक्षा रक्षक को धमकाकर दीवार फांदना निगरानी व्यवस्था और कर्मचारियों की सतर्कता पर सवाल उठाता है. अब यह जांच का विषय है कि सुरक्षा में चूक किन परिस्थितियों में हुई.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-