जबलपुर. आधार कार्ड से जुड़े कार्य कराने वाले नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है. डाक विभाग ने आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रधान डाकघर जबलपुर स्थित आधार केंद्र को अब रविवार को भी संचालित करने का निर्णय लिया है. नई व्यवस्था से नौकरीपेशा और व्यस्त नागरिकों को आधार अपडेट कराने के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेगा.
रविवार को सुबह 10 से शाम 6 बजे तक सुविधा
प्रवर अधीक्षक डाकघर के अनुसार आधार केंद्र अब सप्ताह के सातों दिन खुला रहेगा. रविवार को केंद्र सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित होगा. वहीं, सोमवार से शनिवार तक नागरिक सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक आधार संबंधी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे.
कामकाजी लोगों को मिलेगी राहत
अब तक रविवार को केंद्र बंद रहने के कारण लोगों को आधार कार्ड में जरूरी अपडेट कराने के लिए कामकाजी दिनों में समय निकालना पड़ता था. नई व्यवस्था लागू होने से उन्हें छुट्टी के दिन भी आधार संबंधी कार्य कराने की सुविधा मिलेगी. डाक विभाग की इस पहल से नागरिकों को समय की बचत के साथ आधार सेवाओं तक आसान पहुंच मिल सकेगी.

