यूपीआई लेनदेन में महाराष्ट्र देशभर में पहले स्थान पर, UP दूसरे और कर्नाटक तीसरे स्थान पर

यूपीआई लेनदेन में महाराष्ट्र देशभर में पहले स्थान पर, UP दूसरे और कर्नाटक तीसरे स्थान पर

प्रेषित समय :18:55:40 PM / Sat, Nov 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. महाराष्ट्र ने डिजिटल भुगतान के मामले में देशभर में अपनी मजबूत स्थिति बरकरार रखी है. नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के अक्टूबर महीने के आंकड़ों के अनुसार, यूपीआई ट्रांजेक्शन की संख्या और कुल लेनदेन राशि, दोनों मामलों में महाराष्ट्र पहले स्थान पर रहा. राज्य में डिजिटल भुगतान का बढ़ता चलन इसकी मजबूत स्थिति को दर्शाता है.

महाराष्ट्र में 253 करोड़ से अधिक ट्रांजेक्शन

NPCI के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में महाराष्ट्र में कुल 253.04 करोड़ यूपीआई ट्रांजेक्शन दर्ज किए गए. इनके जरिए 2,94,839.55 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ. ट्रांजेक्शन की संख्या और रकम, दोनों ही मामलों में महाराष्ट्र अन्य राज्यों से काफी आगे रहा.

मुंबई, पुणे और नागपुर जैसे बड़े शहरों के अलावा राज्य के छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में भी यूपीआई का इस्तेमाल बढ़ा है. छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक डिजिटल भुगतान की सुविधा का उपयोग किया जा रहा है.

ट्रांजेक्शन की संख्या में यूपी दूसरे नंबर पर

अक्टूबर में यूपीआई ट्रांजेक्शन की संख्या के मामले में उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान हासिल किया. उत्तर प्रदेश में 136.23 करोड़ ट्रांजेक्शन हुए, जबकि कर्नाटक में इनकी संख्या 128.01 करोड़ रही.

हालांकि, कुल लेनदेन राशि के मामले में कर्नाटक दूसरे स्थान पर है. राज्य में 1,76,091.56 करोड़ रुपये का यूपीआई लेनदेन दर्ज किया गया. वहीं, उत्तर प्रदेश में यह राशि 1,67,256.99 करोड़ रुपये रही और राज्य तीसरे स्थान पर रहा.

तमिलनाडु और तेलंगाना भी शीर्ष पांच में

कुल यूपीआई ट्रांजेक्शन की संख्या के आधार पर तमिलनाडु 99.03 करोड़ लेनदेन के साथ चौथे और तेलंगाना 96.97 करोड़ लेनदेन के साथ पांचवें स्थान पर रहा. वहीं, लेनदेन की कुल राशि के मामले में तमिलनाडु में 1,49,202.93 करोड़ और तेलंगाना में 1,47,348.99 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ.

यूपीआई के इस्तेमाल में राज्यों की स्थिति

राज्य ट्रांजेक्शन (करोड़ में) लेनदेन राशि (करोड़ रुपये में)
महाराष्ट्र 253.04 2,94,839.55
उत्तर प्रदेश 136.23 1,67,256.99
कर्नाटक 128.01 1,76,091.56
तमिलनाडु 99.03 1,49,202.93
तेलंगाना 96.97 1,47,348.99

आंकड़े बताते हैं कि यूपीआई ट्रांजेक्शन की संख्या में उत्तर प्रदेश ने दूसरे स्थान पर जगह बनाई है, जबकि कुल लेनदेन राशि में कर्नाटक उससे आगे है. दोनों ही श्रेणियों में महाराष्ट्र की बढ़त कायम है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-