जबलपुर में 3 लाख से ज्यादा बच्चों ने पी जिदंगी की दो बूंद, विधायक अभिलाष पांडेय ने किया पल्स-पोलियो अभियान का शुभारम्भ

जबलपुर में 3 लाख से ज्यादा बच्चों ने पी जिदंगी की दो बूंद, विधायक अभिलाष पांडेय ने किया पल्स-पोलियो अभियान का शुभारम्भ

प्रेषित समय :19:29:33 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान अंतर्गत जबलपुर में 3.89 लाख शून्य से 5 वर्ष तक आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है. जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनमोहन नगर में विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय द्वारा बच्चों को पोलियो की खुराक देकर किया गया.

डॉ अभिलाष पाण्डेय ने हितग्राही बच्चों के साथ उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से अपने नौनिहालों को बचाने के लिए केंद्र सरकार प्रतिवर्ष राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान आयोजित करती है अभिभावकों को सब काम छोड़कर सबसे पहले अपने बच्चों को पोलियो की खुराक देकर बच्चों के जीवन को सुरक्षित करने का काम करना चाहिए. शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ विनोद गुप्ता, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुल शुक्ला, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील, कंट्रोल रूम प्रभारी विजय पाण्डेय उपस्थित रहे. जिले में अभियान के प्रथम दिवस 79.80 प्रतिशत 310422 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई.

शेष रह गए बच्चों को अभियान के द्वितीय एवं तृतीय दिवस वैक्सीनेटर टीम द्वारा घर घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी. डॉ विनोद गुप्ता ने जानकारी दी कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 2466 बूथ बनाया गए थे इन बूथ में 4932 वैक्सीनेटर टीम की ड्यूटी लगाई गई थी. बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित बरगी डैम डूब क्षेत्र में भी नाव के माध्यम से स्वास्थ्य टीम पहुंची और डूब क्षेत्र कठोतिया में 35 बच्चों को पोलियो की खुराक देकर उन्हें पोलियो की बीमारी से प्रतिरक्षित किया गया. कलेक्टर जबलपुर श्री अरुण विश्वकर्मा एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवीन कोठारी ने वैक्सीनेटर दल के सदस्यों को निर्देशित किया है कि अभियान के द्वितीय एवं तृतीय दिवस छूटे हुए बच्चों को घर घर जाकर पोलियो की खुराक देना सुनिश्चित करे.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-