KBC 18 को मिला पहला करोड़पति, मजदूर के बेटे भूषण ठाकरे ने जीते 1 करोड़

KBC 18 को मिला पहला करोड़पति, मजदूर के बेटे भूषण ठाकरे ने जीते 1 करोड़

प्रेषित समय :17:06:37 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. टीवी के लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' को अपना पहला करोड़पति प्रतियोगी मिल गया है. महाराष्ट्र के जलगांव से आए 28 वर्षीय भूषण ठाकरे ने शो में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1 करोड़ रुपये की रकम जीत ली है. उनकी सफलता पर शो के होस्ट अमिताभ बच्चन भी बेहद खुश नजर आए और करोड़पति बनने के बाद भूषण को गले लगाकर बधाई दी. अब भूषण 7 करोड़ रुपये के सवाल का सामना करने वाले हैं, जिसका जवाब आने वाले एपिसोड में सामने आएगा.

भूषण की कहानी केवल उनकी जीत तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक कठिनाइयों के बीच परिवार के संघर्ष और शिक्षा के प्रति समर्पण की भी मिसाल है. बताया गया कि वह मुंबई केवल 24 रुपये लेकर पहुंचे थे और अपनी मेहनत व ज्ञान के दम पर केबीसी की हॉट सीट तक पहुंचे.

डेढ़ साल से घर से दूर हैं भूषण

शो के दौरान अमिताभ बच्चन से बातचीत में भूषण ठाकरे ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति और संघर्ष के बारे में बताया. उन्होंने बताया कि वह पिछले करीब डेढ़ साल से घर नहीं गए हैं. उनके पिता मजदूरी करते थे और मां की तबीयत लंबे समय से खराब रहती है. मां के कई ऑपरेशन भी हो चुके हैं.

भूषण ने भावुक होकर बताया कि उनके माता-पिता ने आर्थिक परेशानियों के बावजूद उनकी पढ़ाई जारी रखी और उन्हें बेहतर भविष्य देने के लिए मेहनत की. पिता मजदूरी करके परिवार चलाते रहे, लेकिन उन्होंने बेटे को कभी मजदूरी करने के लिए मजबूर नहीं किया.

पिता ने पढ़ाई के लिए हमेशा किया प्रोत्साहित

भूषण के मुताबिक, उनके पिता ने हमेशा उन्हें शिक्षा हासिल करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर घर पर रहकर पढ़ाई जारी रखी. बाद में उन्हें लगा कि परिवार की जिम्मेदारियों में योगदान देना चाहिए, इसलिए उन्होंने गांव की नदी में काम भी किया.

हालांकि, उनके पिता चाहते थे कि वह अपनी पढ़ाई पूरी करें और भविष्य में कुछ बेहतर हासिल करें. पिता की इसी सोच और परिवार के त्याग ने भूषण को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी.

अब 7 करोड़ रुपये के सवाल का देंगे जवाब

केबीसी के निर्माताओं ने आगामी एपिसोड का प्रोमो जारी किया है, जिसमें भूषण ठाकरे को 7 करोड़ रुपये के सवाल का सामना करते दिखाया गया है. एक करोड़ रुपये जीतने के बाद अब उनके पास इस सीजन की सबसे बड़ी रकम हासिल करने का मौका है.

भूषण 7 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब दे पाते हैं या नहीं, इसका खुलासा सोमवार, 23 नवंबर के एपिसोड में होगा. शो के दर्शकों की नजर अब उनके अगले कदम पर टिकी है.

अमिताभ बच्चन होस्ट कर रहे हैं KBC का 18वां सीजन

'कौन बनेगा करोड़पति' का 18वां सीजन अमिताभ बच्चन होस्ट कर रहे हैं. इस सीजन में देशभर से प्रतियोगी अपनी प्रतिभा, ज्ञान और आत्मविश्वास के दम पर बड़ी रकम जीतने का प्रयास कर रहे हैं. दिवाली स्पेशल एपिसोड में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे जैसे कलाकार भी 'रामायण' से जुड़े विशेष कार्यक्रम में शो का हिस्सा बने थे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-