नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे, 23 नवंबर को पीएम मोदी से होगी द्विपक्षीय वार्ता

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे, 23 नवंबर को पीएम मोदी से होगी द्विपक्षीय वार्ता

प्रेषित समय :16:37:52 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रविवार को नई दिल्ली पहुंचे. मार्च 2026 में पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है. साथ ही प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा भी है.

34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे शाह

नेपाल के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि बालेंद्र शाह रविवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हुए थे. काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उन्हें विदाई दी गई. इस दौरान ऊर्जा, जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ, गृह मंत्री सुधन गुरुंग, राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सांसद एवं प्रवक्ता जगदीश खरेल सहित वरिष्ठ सरकारी अधिकारी मौजूद रहे.

नेपाल के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में 34 सदस्य शामिल हैं. इसमें वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यनजनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं. नेपाल के भारत में राजदूत सहित कुछ अन्य सदस्य नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल से जुड़ेंगे. इसके अलावा 52 सदस्यीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी अपने खर्च पर भारत आया है.

23 नवंबर को मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता

नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेंद्र शाह 23 नवंबर को प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे. इसमें दोनों देशों के आपसी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी. वार्ता के बाद दोनों नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे.

प्रधानमंत्री मोदी नेपाली समकक्ष और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आधिकारिक दोपहर भोज का आयोजन करेंगे. शाह इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात करेंगे.

व्यापार और ऊर्जा सहयोग पर रहेगा जोर

यात्रा के दौरान भारत और नेपाल के बीच व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, संपर्क नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहने की उम्मीद है. संपर्क और ऊर्जा क्षेत्र की पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन तथा नई परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने की भी संभावना है.

दोनों देशों के बीच शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी प्रस्तावित है.

इस दौरान नेपाल-भारत व्यापार मंच का आयोजन भी किया जाएगा. इसका उद्देश्य नेपाल में भारतीय निवेश को प्रोत्साहित करना और दोनों देशों के कारोबारियों को साझेदारी तथा निवेश के नए अवसर तलाशने का मंच उपलब्ध कराना है.

ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगी मजबूती

विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत और नेपाल के संबंध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत जुड़ाव के साथ मजबूत जनसंपर्क पर आधारित हैं. दोनों देशों के बीच व्यापार, विकास साझेदारी, ऊर्जा, जल संसाधन और भौतिक एवं डिजिटल संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग लगातार आगे बढ़ा है. बालेंद्र शाह की यह यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-