काठमांडू. नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां एक इलेक्ट्रिक यात्री वाहन अनियंत्रित होकर करीब 700 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं. घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना जिले की भीमफेदी ग्रामीण नगरपालिका-6 स्थित चिसापानी गढ़ी में गुरुवार तड़के हुई. हादसे के समय वाहन में 15 लोग सवार थे. यह राजधानी काठमांडू से दक्षिणी सर्लाही जिले के मुख्यालय मलंगवा जा रहा था.
जिले में तैनात सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के पुलिस अधीक्षक निवान कुमार खड़का ने बताया कि मृतकों में पांच पुरुष, तीन महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं. सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया. घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन का इलाज हेटौडा अस्पताल में चल रहा है. हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है.
नेपाल में सड़क हादसों में रोजाना सात मौतें
नेपाल पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025-26 में जुलाई के मध्य तक सड़क दुर्घटनाओं में 2,707 लोगों की जान जा चुकी है. देश में प्रतिदिन औसतन सात लोगों की सड़क हादसों में मौत होती है, जबकि करीब 82 लोग घायल होते हैं.
विश्व बैंक के एक अध्ययन के अनुसार, नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली चोटों की आर्थिक लागत वर्ष 2007 के मुकाबले तीन गुना हो गई है. यह देश के सकल राष्ट्रीय उत्पाद (जीएनपी) के करीब 1.5 प्रतिशत के बराबर है. अध्ययन में यह भी सामने आया है कि सड़क हादसों का सबसे अधिक असर निम्न आय वर्ग के लोगों पर पड़ता है. दुर्घटनाओं में जान गंवाने वालों में 70 प्रतिशत से अधिक पैदल यात्री, साइकिल और मोटरसाइकिल सवार जैसे सड़क उपयोगकर्ता शामिल हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

