रश्मिका मंदाना की 'मायसा' की रिलीज टली, 27 नवंबर को नहीं आएगी फिल्म; नई तारीख का इंतजार

रश्मिका मंदाना की

प्रेषित समय :17:02:32 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की आगामी एक्शन थ्रिलर फिल्म 'मायसा' की रिलीज को आगे बढ़ा दिया गया है. फिल्म पहले 27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी, लेकिन निर्माताओं ने अब इसकी रिलीज टालने का फैसला किया है. फिल्म की नई तारीख फिलहाल घोषित नहीं की गई है. मेकर्स का कहना है कि दर्शकों को बड़े पर्दे पर बेहतर सिनेमाई अनुभव देने के लिए फिल्म के काम को और समय दिया जा रहा है.

प्रोडक्शन टीम ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक बयान जारी कर रिलीज में देरी की जानकारी दी. रश्मिका मंदाना ने भी इस अपडेट को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया और कहा कि नई रिलीज डेट की पुष्टि होते ही दर्शकों को जानकारी दी जाएगी.

बेहतर सिनेमाई अनुभव के लिए बढ़ाया गया समय

निर्माताओं के मुताबिक, तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री लगातार तकनीक और फिल्म निर्माण के स्तर पर नए मुकाम हासिल कर रही है. इसी दिशा में 'मायसा' को एक अलग अंदाज की एक्शन फिल्म बनाने की कोशिश की जा रही है. टीम फिल्म की गुणवत्ता से समझौता नहीं करना चाहती, इसलिए रिलीज को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है.

मेकर्स ने दर्शकों के समर्थन और धैर्य के लिए आभार जताते हुए भरोसा दिलाया है कि फिल्म को लेकर ज्यादा लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

गोंड महिला के किरदार में नजर आएंगी रश्मिका

रविंद्र पुल्ले के निर्देशन में बन रही 'मायसा' की कहानी आदिवासी परिवेश पर आधारित है. फिल्म में रश्मिका मंदाना एक गोंड महिला की भूमिका निभा रही हैं, जिसका किरदार मजबूत, साहसी और एक्शन से भरपूर बताया जा रहा है. फिल्म में संघर्ष, रोमांच और ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलेगा.

फिल्म में ईश्वरी राव, गुरु सोमसुंदरम और राव रमेश भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. हालांकि कहानी के कई पहलुओं को निर्माताओं ने अभी पर्दे के पीछे रखा है.

रिलीज हो चुके हैं फिल्म के दो गाने

फिल्म के प्रचार के तहत अब तक 'ओ मायसा रे' और 'ओसे रामुलम्मा' नाम के दो गाने जारी किए जा चुके हैं. 'ओसे रामुलम्मा' गीत 1997 में आई फिल्म के चर्चित गाने का नया संस्करण है, जिसमें मूल रूप से विजयशांति नजर आई थीं.

फिल्म की रिलीज टलने से अब दर्शकों को नई तारीख का इंतजार है. मेकर्स ने संकेत दिया है कि रिलीज शेड्यूल को लेकर जानकारी जल्द साझा की जाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-