जबलपुर. रांझी थाना क्षेत्र के मोहनीया के पास शराब पीने के लिए रुपए देने से मना करने पर दो बदमाशों ने हॉक फोर्स के जवान पर चाकू से हमला कर सनसनी फैला दी. घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया और उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक, बालाघाट स्थित हॉक फोर्स में पदस्थ जवान कुलदीप रावत ने रांझी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि मोहनीया के पास इंद्रजीत कुशवाहा और गौरव कुशवाहा ने उन्हें रोका और शराब पीने के लिए रुपए की मांग करने लगे. जब जवान ने पैसे देने से इनकार किया, तो दोनों आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज व विवाद करते हुए उन पर चाकू से हमला बोल दिया.
पीडि़त जवान की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया. विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर इंद्रजीत कुशवाहा और गौरव कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया. सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया और उनकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया गया. पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया. अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार दोनों युवक आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड व कुंडली खंगाली जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

