भाजपा नेता के बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज, युवक पर पिस्टल की बट से किया था हमला

भाजपा नेता के बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज, युवक पर पिस्टल की बट से किया था हमला

प्रेषित समय :16:42:28 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर.सिविल लाइंस थाना क्षेत्रान्तर्गत बीमा अस्पताल के सामने पुरानी रंजिश घर के सामने टहल रहे एक युवक को बिना नंबर की स्विफ्ट कार से पहुंचे बदमाशों ने युवक के गले पर जबरन देशी पिस्टल अड़ा दी और कार में खींचने की कोशिश की. जब युवक किसी तरह जान बचाकर भागा, तो हमलावरों ने पिस्टल की बट से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे लहूलुहान कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता के बेटे राजवीर आनंद व उसके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांचघर स्थित बीमा अस्पताल के सामने, सिविल लाइंस निवासी कौशल सिंह राजपूत (उम्र 29 वर्ष) खेती का कार्य करते हैं. 20 नवंबर 2026 की रात करीब 11.45 बजे वे खाना खाने के बाद अपने घर के सामने टहल रहे थे. इसी दौरान पुरानी बुराई और विवाद को लेकर राजवीर आनंद अपनी दोस्त रवीसा साहनी तथा अन्य साथियों के साथ ग्रे रंग की बिना नंबर की स्विफ्ट कार में सवार होकर वहां पहुंचा.

आरोपियों ने कौशल के पास गाड़ी रोकी और पुराने विवाद को लेकर उस पर टूट पड़े. बताया जा रहा है कि राजवीर आनंद ने जान से मारने की नीयत से जबरन देशी पिस्टल कौशल के गले पर रख दी और उसे कार के अंदर खींचने का दबाव बनाने लगा. स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए कौशल ने जब उनके चंगुल से छूटकर भागने का प्रयास किया, तो राजवीर और उसके साथियों ने आपा खो दिया और पिस्टल की बट से कौशल के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए कार से भाग निकले.

घटना के बाद घायल कौशल सिंह 21 नवंबर 2026 को सिविल लाइंस थाने पहुंचे, जहां से उन्हें तत्काल उपचार के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया. बाद में परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें जबलपुर के अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने पीडि़त की रिपोर्ट पर आरोपी राजवीर आनंद, रवीसा साहनी और अन्य साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 191(3), 296(बी) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-