जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में रविवार, 22 नवंबर को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डॉ. अशोक कुमार ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की. इस दौरान सहायक स्वास्थ्य अधिकारी मनोज कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे.
मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित और मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप कुमार चौहान के मार्गदर्शन में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
अभियान के तहत जबलपुर मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों जबलपुर, मदन महल, कटनी और नरसिंहपुर में पोलियो बूथ बनाए गए हैं. इसके अलावा जबलपुर की सभी रेलवे कॉलोनियों में भी बच्चों को दवा पिलाने की व्यवस्था की गई है. रेलगाड़ियों से यात्रा करने वाले बच्चों को अभियान का लाभ दिलाने के लिए मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे.
यह अभियान जबलपुर मंडल में लगातार तीन दिनों तक चलाया जाएगा. अभियान की शुरुआत के बाद रिपोर्ट लिखे जाने तक 1750 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी थी.
अभियान को सफल बनाने में चीफ मैट्रन श्रीमती वेरोनिका हेंड्रिक्स, श्रीमती शीला सिंह, चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों, सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड के सदस्यों, शासकीय रानी दुर्गावती नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों तथा राजेश ठाकरे, संजय कुमार, नेतराम मेहरा, नितिन आदिवाल, नीरज बैरवा सहित कार्यालयीन कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

