जबलपुर. शेयर मार्केट में हर महीने मोटी कमाई और गारंटीड मुनाफे का सपना दिखाकर एक शातिर दंपति ने करोड़ों रुपये की चपत लगा दी और देखते ही देखते गायब हो गया. पीडि़तों के होश तब उड़ गए, जब तय तारीख पर रकम वापस लेने पहुंचे दर्जनों लोगों को घर के बाहर सन्नाटा और बंद फोन मिले. थाना केंट पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर फरार पति-पत्नी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, थाना ओमती क्षेत्र के नेपियर टाउन स्थित मां कॉम्प्लेक्स कार्तिक होटल के सामने निवासी श्रीमती वंदना अग्रवाल 43 वर्ष बुटिक का संचालन करती हैं. करीब तीन साल पहले महिलाओं के कपड़ों के लेन-देन के सिलसिले में उनकी पहचान सदर केंट क्षेत्र के बिरमानी पेट्रोल पंप के सामने रहने वाली रश्मी कौर से हुई थी. रश्मी अक्सर उनसे कपड़े खरीदती थी और कपड़ों के निर्माण के लिए कच्चे माल के बेहतर स्रोत भी बताती थी, जिससे वंदना के व्यापार को फायदा हुआ. शाही जीवनशैली और बड़े घर में रहने वाली रश्मी की बातों पर वंदना को सहज ही भरोसा हो गया.
गारंटीड मुनाफे का जाल-
विश्वास कायम होने के बाद रश्मी कौर ने बताया कि उसके पति मनवीर सिंह पाल शेयर मार्केट में निवेश करते हैं और हर माह 10 से 15 प्रतिशत तक मुनाफा कमाते हैं. बाद में मनवीर सिंह पाल से भी बात हुई, जिन्होंने दावा किया कि कम से कम 10 से 15 प्रतिशत मासिक लाभ तो तय है और इससे ज्यादा भी हो सकता है. जब वंदना ने शेयर मार्केट में जोखिम और डर की बात कही, तो दोनों ने निवेश को पूरी तरह सुरक्षित बताते हुए गारंटीड मुनाफे का भरोसा दिलाया.
लाखों की नकदी, ऑनलाइन ट्रांसफर और सोने के कंगन-
दंपति के झांसे में आकर वंदना अग्रवाल ने 2 मई 2024 को 2 लाख रुपये नकद रश्मी कौर को दिए. कुछ समय बाद आरोपियों ने बताया कि पांच महीने में रकम बढ़कर 2.5 लाख रुपये हो गई है और करीब 80 हजार रुपये कमाए गए हैं. इसके बाद वंदना और उनके रिश्तेदारों ने 12 अक्टूबर 2024 को 1.70 लाख, 14 मई 2025 को 2.5 लाख, 16 जून 2025 को 6 लाख रुपये खाते में ट्रांसफर किए, जबकि 14 मई और 15 जून 2025 को 50 हजार व 4 लाख रुपये दिए. 21 जून 2025 को 2.5 लाख रुपये के साथ लगभग 5 तोले वजन के सोने के कंगन भी सौंप दिए गए. इसके अलावा 15 मार्च 2025 को 10 लाख, 2 नवंबर 2025 को 3 लाख तथा 27-28 जुलाई 2026 को 5 लाख नकद और 5 लाख रुपये ऑनलाइन दिए गए.
जुटी भीड़, तब खुला राज-
पिछले दो-तीन महीनों से रिश्तेदारों द्वारा रकम मांगे जाने पर वंदना ने तकादा किया तो आरोपी बाजार में उछाल का हवाला देकर टालते रहे. अत्यधिक दबाव के बाद 16 नवंबर 2026 को रश्मी ने अगले दिन घर बुलाया. 17 नवंबर 2026 की दोपहर 2-3 बजे वंदना जब रश्मी के घर पहुंचीं, तो वहां पहले से 25 से 30 लोग मौजूद थे, जिन्होंने भी दंपति को रुपये और सोना दिया था. जल्द ही पता चला कि रश्मी और मनवीर सिंह पाल सबके पैसे लेकर फरार हो चुके हैं और फोन बंद हैं. जांच में वंदना से 44 लाख 19 हजार 999 रुपये व सोने के कंगन हड़पने की पुष्टि होने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

