जबलपुर. शहर के तिलवारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक शातिर बदमाश को अवैध हथियार के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी कमर के पीछे देशी पिस्टल खोंसे संदिग्ध हालत में घूम रहा था और पुलिस को देखते ही भागने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा. पकड़े गए युवक के खिलाफ पहले से भी आबकारी और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के मामले दर्ज हैं.
तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के मुताबिक, 21 नवंबर को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाजनामठ स्थित संग्राम सागर हनुमान मंदिर के पास जेडीए कॉलोनी में एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है और उसकी कमर में पिस्टल लगी है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी. पुलिस की भनक लगते ही संदिग्ध युवक भागने लगा, जिसे जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अंकित रैकवार (22 वर्ष), पिता रमेश चंद रैकवार बताया. वह मूलत: वृंदावन की गली, राम मंदिर दीक्षितपुरा (कोतवाली) का निवासी है और वर्तमान में मांडवा बस्ती, टेंडर-2 (गोरखपुर) में रह रहा था. तलाशी के दौरान उसके कमर के पीछे से एक देशी पिस्टल बरामद हुई.
जिसकी मैगजीन में दो जिंदा कारतूस लोड थे. पुलिस ने अवैध पिस्टल और कारतूस जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है. आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ पूर्व में आबकारी एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत चार अपराध पंजीबद्ध हैं. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह यह अवैध हथियार कहां से और किस मकसद से लाया था. इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दिनेश डेहरिया तथा आरक्षक शैलेन्द्र पाटकर, राहुल सनोडिया और लखन गोलकर की सराहनीय भूमिका रही.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

