बरमान घाट से लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, तीन की मौत; 15 से अधिक घायल

बरमान घाट से लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, तीन की मौत; 15 से अधिक घायल

प्रेषित समय :17:27:31 PM / Sun, Nov 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सागर. देवरी क्षेत्र के गौरझामर थाना अंतर्गत नीम घाटी के पास रविवार को श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए. घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है. करीब 10 घायलों को बेहतर उपचार के लिए सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी है.

जानकारी के अनुसार, बांदरी के पास स्थित ग्राम गड़ौला गोसाई के ग्रामीण बरमान घाट पर दर्शन करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव लौट रहे थे. इसी दौरान नीम घाटी के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. ट्रॉली में बड़ी संख्या में ग्रामीण सवार थे. दुर्घटना में कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कुछ सड़क पर गिरकर घायल हो गए. हादसे में रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव की मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को तत्काल देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. मृतक और घायल सभी ग्राम गड़ौला गोसाई के निवासी बताए जा रहे हैं. हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है. फिलहाल ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-