मुंबई. भारतीय शेयर बाजार में सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारी उथल-पुथल देखने को मिली. कारोबार की शुरुआत जोरदार तेजी के साथ हुई, लेकिन दोपहर होते-होते बाजार में अचानक बिकवाली हावी हो गई. देखते ही देखते सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट दर्ज की गई. सेंसेक्स अपने दिन के उच्चतम स्तर से करीब 1,800 अंक टूट गया, जबकि निफ्टी में भी 525 अंकों से ज्यादा की गिरावट आई. बाजार में आई इस तेज गिरावट से निवेशकों को करीब 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा.
शुरुआती तेजी के बाद बाजार में अचानक मची बिकवाली
सोमवार को बीएसई सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र के 83,919 अंक के बंद स्तर के मुकाबले 84,421 अंक पर खुला. शुरुआती कारोबार में खरीदारी का जोर रहा और सेंसेक्स 743 अंकों की बढ़त के साथ 84,662 अंक के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. हालांकि, बाजार की यह तेजी ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी. कारोबार आगे बढ़ने के साथ ही निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी और बिकवाली का दबाव लगातार बढ़ता गया. दोपहर करीब एक बजे तक सेंसेक्स अपने उच्चतम स्तर से लगभग 1,800 अंक टूटकर 82,862 अंक पर पहुंच गया.
इसी तरह एनएसई निफ्टी ने भी पिछले बंद स्तर 25,800 के मुकाबले 25,929 अंक पर कारोबार शुरू किया. शुरुआती खरीदारी के चलते यह 25,992 अंक तक पहुंचा, लेकिन बाद में तेज गिरावट के साथ 25,467 अंक पर आ गया. इस तरह निफ्टी अपने दिन के उच्चतम स्तर से करीब 525 अंक टूट गया.
निवेशकों को 5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान
शेयर बाजार में आई इस भारी गिरावट का सीधा असर निवेशकों की संपत्ति पर पड़ा. बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण में कुछ ही घंटों के भीतर करीब 5 लाख करोड़ रुपये की कमी आ गई. पिछले सप्ताह शुक्रवार को बीएसई का कुल बाजार पूंजीकरण लगभग 515 लाख करोड़ रुपये था. सोमवार दोपहर करीब एक बजे तक यह घटकर 510 लाख करोड़ रुपये रह गया. यानी बाजार में अचानक आई बिकवाली के कारण निवेशकों की करीब 5 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति कम हो गई. सुबह की शानदार तेजी के बाद बाजार में आई इस अप्रत्याशित गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया. कारोबार के दौरान सेंसेक्स और निफ्टी में आई भारी कमजोरी ने बाजार के माहौल को पूरी तरह बदल दिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

