नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है. भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास में सहयोग के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के डेवलपमेंट कोऑपरेशन पैकेज की घोषणा की है.
भारत और नेपाल के प्रधानमंत्रियों के बीच द्विपक्षीय बैठक के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी ने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह का अपने पहले द्विपक्षीय विदेश दौरे के लिए भारत को चुनना दोनों देशों की गहरी मित्रता और आपसी विश्वास का प्रतीक है. पीएम मोदी ने भारत-नेपाल के साझा सांस्कृतिक और धार्मिक रिश्तों का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता के प्रतीक हैं. वर्ष 2018 में अपनी जनकपुर यात्रा को याद करते हुए उन्होंने कहा, “नेपाल के बिना हमारे धाम अधूरे हैं और नेपाल के बिना हमारे राम भी अधूरे हैं.”
बालेन्द्र शाह की दूरदर्शिता की तारीफ
नेपाल के प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कुछ महीने पहले जब बालेन्द्र शाह ने दुनिया के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में संयुक्त राष्ट्र में संबोधन दिया था, तब उनकी दूरदर्शिता की झलक देखने को मिली थी. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ घंटों की बातचीत में नेपाल के भविष्य और भारत-नेपाल संबंधों को लेकर उनका स्पष्ट विजन और प्रतिबद्धता महसूस हुई है. प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष नेपाल की जनता ने जो ऐतिहासिक जनादेश दिया है, वह वहां की नई पीढ़ी की आकांक्षाओं और उम्मीदों को दर्शाता है.
भारत-नेपाल का रिश्ता विश्वास और अपनेपन का
द्विपक्षीय संबंधों की अहमियत बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता सिर्फ पड़ोसी देशों का संबंध नहीं, बल्कि अपनेपन और अटूट विश्वास का रिश्ता है. दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां साझा हैं. भारत और नेपाल एक-दूसरे की प्रगति में भागीदार होने के साथ-साथ मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी बनते हैं. नेपाल में अगस्त महीने में आई भीषण बाढ़ का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने जानमाल के नुकसान पर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को नई मजबूती देने के उद्देश्य से भारत की ओर से 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की गई है.
अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क को मिली मजबूती
इससे पहले नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई. बैठक में दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने तथा कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई. संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले दोनों प्रधानमंत्रियों ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर को जोड़ने वाली ‘सरयू-कमला’ ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. इस पहल को दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक जुड़ाव और परिवहन संपर्क को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. प्रधानमंत्री मोदी के इस ऐलान से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि भारत नेपाल के आर्थिक विकास, पुनर्निर्माण और दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए प्रतिबद्ध है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

