जबलपुर में धूमधाम से मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव, कीर्तन दरबार में गूंजे गुरुवाणी के स्वर

जबलपुर में धूमधाम से मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाशोत्सव, कीर्तन दरबार में गूंजे गुरुवाणी के स्वर

प्रेषित समय :14:29:17 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. सिख धर्म के संस्थापक और मानवता, समानता, प्रेम, शांति व भाईचारे का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 557वां प्रकाशोत्सव मंगलवार को जबलपुर में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. इस पावन अवसर पर सदर स्थित शिवाजी स्टेडियम के सामने बिरमानी पेट्रोल पंप के पास मुरगी मैदान में भव्य कीर्तन दरबार सजाया गया. इसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. संगत ने गुरुवाणी का श्रवण कर गुरु चरणों में शीश नवाया और आशीर्वाद प्राप्त किया.

अमृतसर और आनंदपुर साहिब से आए रागी जत्थे व विद्वानों ने बांधा समां

कीर्तन दरबार में स्वर्ण मंदिर श्री दरबार साहिब, अमृतसर के प्रसिद्ध हुजूरी रागी जत्थे के भाई गुरप्रीत सिंह एवं उनके साथियों ने मधुर गुरुवाणी और शबद कीर्तन की प्रस्तुति दी. वहीं, तख्त श्री आनंदपुर साहिब, पंजाब से पहुंचे गुरुवाणी के विद्वान ज्ञानी सरबजीत सिंह ने गुरुवाणी मीमांसा, भजन और काव्यपाठ के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर प्रकाश डाला. शबद कीर्तन के दौरान पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया.

सेवादारों का सम्मान, श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया गुरु का अटूट लंगर

प्रकाशोत्सव समारोह में जनप्रतिनिधियों के साथ समाज और गुरुघर की सेवा में निस्वार्थ भाव से योगदान देने वाले सेवादारों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया. आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर भी दिनभर चलता रहा. बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ बैठकर लंगर प्रसाद ग्रहण किया. इस दौरान सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली.

प्रभातफेरियों से भक्तिमय हुआ माहौल, रोशनी से जगमगाए गुरुद्वारे

प्रकाशोत्सव के अवसर पर जबलपुर शहर सहित आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों में कीर्तनी प्रभातफेरियां निकाली गईं. गुरुनानक विद्यालय मढ़ाताल में बसंती निशान साहिब लहराने की सेवा की गई. वहीं, शहर के विभिन्न गुरुद्वारों को आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन किया गया. उपनगरीय क्षेत्र खमरिया स्थित गुरुद्वारे में भी गुरु नानक देव जी का प्रकाशोत्सव पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया.

आयोजन को सफल बनाने में इन पदाधिकारियों का रहा योगदान

समारोह के सफल आयोजन में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान प्रताप सिंह विरदी के साथ कुलदीप सिंह बंसल, सुखविंदर सिंह रील, इन्द्रपाल सिंह सेहमी, जतिंदर सिंह सैनी, एमएस नागी, अवतार सिंह बांगा, अमनदीप सिंह विरदी, राजिंदर सिंह धनजल, सुरिंदर सिंह अहलूवालिया और गुरप्रीत सिंह मोनू भाटिया सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सेवादारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पूरे आयोजन ने गुरु नानक देव जी के सेवा, समानता, सद्भाव और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-