1 दिसंबर से नई कार खरीदना होगा महंगा, मारुति-टाटा-हुंडई ने बढ़ाए दाम; ऑडी भी जनवरी से करेगी कीमतों में इजाफा

1 दिसंबर से नई कार खरीदना होगा महंगा, मारुति-टाटा-हुंडई ने बढ़ाए दाम; ऑडी भी जनवरी से करेगी कीमतों में इजाफा

प्रेषित समय :19:50:24 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. अगर आप नई कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो अब आपको अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ सकती है. देश की प्रमुख ऑटो कंपनियों मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और हुंदै ने कारों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है. वहीं लग्जरी कार निर्माता ऑडी भी नए साल से अपने वाहनों के दाम बढ़ाने जा रही है. कंपनियों ने बढ़ती कच्चे माल और कमोडिटी की लागत को कीमतों में संशोधन की वजह बताया है.

ऑटो कंपनियों के मुताबिक, लागत में लगातार बढ़ोतरी से उनके ऑपरेटिंग मार्जिन और मुनाफे पर दबाव पड़ रहा है. ऐसे में अतिरिक्त खर्च की आंशिक भरपाई के लिए वाहनों की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं.

मारुति और टाटा की कारों के दाम कितने बढ़े?

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता मारुति सुजुकी इंडिया ने 22 नवंबर से चुनिंदा मॉडल्स की कीमतों में करीब 0.31 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है. कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में भी तीन बार कीमतें बढ़ा चुकी है, जिनका कुल असर एक प्रतिशत से थोड़ा अधिक रहा है.

वहीं टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) ने पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक कारों सहित अपनी सभी कारों और एसयूवी की कीमतों में औसतन 0.5 प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया है. टाटा की नई कीमतें 1 दिसंबर 2026 से लागू होंगी. हालांकि, अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में बदलाव अलग-अलग होगा.

हुंदै की कारें 8 हजार रुपये तक महंगी होंगी

दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता हुंदै मोटर इंडिया भी 1 दिसंबर से चुनिंदा मॉडल और वेरिएंट की कीमतों में बढ़ोतरी करने जा रही है. कंपनी ने शेयर बाजार को जानकारी देते हुए बताया कि लागत में वृद्धि के चलते कारों की कीमतें अधिकतम 8,000 रुपये तक बढ़ाई जाएंगी.

यह बढ़ोतरी मॉडल और वेरिएंट के आधार पर अलग-अलग होगी. कंपनी इस साल पहले भी करीब 1.4 प्रतिशत तक कीमतें बढ़ा चुकी है, जिसमें सितंबर में हुई 0.4 प्रतिशत की वृद्धि भी शामिल है.

ऑडी 1 जनवरी 2027 से बढ़ाएगी कीमतें

लग्जरी कार निर्माता ऑडी इंडिया भी 1 जनवरी 2027 से अपने वाहनों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक बढ़ोतरी करने जा रही है. कंपनी ने इस साल दूसरी बार कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है.

ऑडी की इस बढ़ोतरी का असर कंपनी के विभिन्न मॉडल्स पर पड़ेगा. ऐसे में लग्जरी कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों को भी नए साल से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है.

कार खरीदने वालों की बढ़ेगी परेशानी

लगातार कीमतों में हो रही बढ़ोतरी से नई कार खरीदने वाले ग्राहकों का बजट प्रभावित हो सकता है. मारुति, टाटा और हुंदै की कीमतों में दिसंबर से बदलाव होगा, जबकि ऑडी की नई कीमतें जनवरी 2027 से लागू होंगी. ऐसे में कार खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए मौजूदा कीमतों पर बुकिंग करना फायदेमंद हो सकता है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-