झाड़-फूंक-नोट डबल का झांसा देकर 5 लाख की ठगी! सम्मोहन के जाल में फंसाकर महिला से हड़पे रुपए

झाड़-फूंक-नोट डबल का झांसा देकर 5 लाख की ठगी! सम्मोहन के जाल में फंसाकर महिला से हड़पे रुपए

प्रेषित समय :16:07:19 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. अंधविश्वास और लाचारी का फायदा उठाकर ठगी करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. बीमारी ठीक करने, घर में बरकत लाने और कम समय में 'धन दुगना' करने का सब्जबाग दिखाकर एक शातिर ने महिला से करीब 5 लाख रुपये ऐंठ लिए. पीडि़त महिला की शिकायत पर गोरखपुर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश और जांच शुरू कर दी है.

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ककरैया तलैया गोरखपुर निवासी 48 वर्षीय महिला आरती मेहरा कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं और उनके परिवार में भी कई तरह की परेशानियां बनी हुई थीं. इसी दौरान रद्दी चौकी गोहलपुर निवासी अब्दुल सलाम महिला के संपर्क में आया. उसने दावा किया कि वह झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र के जरिए न केवल बीमारी और घर की क्लेश दूर कर सकता है, बल्कि उसके पास धन दुगना करने की विद्या भी है. आरोपी की बातों में आकर महिला ने पहले 10 हजार रुपये दिए.

इसके बाद आरोपी रोज सुबह करीब 11 बजे घर आने लगा और झाड़-फूंक व पूजा-पाठ के नाम पर धीरे-धीरे पैसे वसूलता रहा. बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने तक चले इस सिलसिले में आरोपी ने महिला को कथित तौर पर सम्मोहित कर उससे लगभग 5 लाख रुपये नकद हड़प लिए. जब न तो बीमारी ठीक हुई, न घर की परेशानियां दूर हुईं और न ही पैसे डबल हुए, तब महिला को ठगी का अहसास हुआ.

उसने अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपी महीनों तक टालमटोल करता रहा. जब महिला ने पुलिस में शिकायत करने की चेतावनी दी, तो आरोपी ने दबाव में आकर 1 लाख 50 हजार रुपये लौटा दिए और बाकी रकम जुलाई में देने का वादा किया, लेकिन बाद में वह भी नहीं दी. आखिरकार पीडि़त महिला ने गोरखपुर थाने पहुंचकर पूरी घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी अब्दुल सलाम के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में ले लिया है

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-