जबलपुर। अगर आप अक्सर जबलपुर से मंडला की ओर रुख करते हैं, तो अपनी यात्रा के बजट में एक नया खर्च जोड़ लीजिए। बरेला से मंडला के बीच सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए अब फ्री-फ्लो का दौर खत्म होने जा रहा है। इस रूट पर 25 नवंबर से पहली बार टोल टैक्स की वसूली शुरू होने जा रही है, जिसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने दरों की औपचारिक घोषणा कर दी है।
मंडला जिले के अमतौला में तैयार नए टोल प्लाजा पर अब वाहनों को रुककर या फास्टैग के जरिए शुल्क चुकाना होगा। एक तरफ के सफर के लिए कार, जीप और हल्के मोटर वाहनों को 60 रुपये देने होंगे, जबकि भारी वाहनों की जेब पर 390 रुपये तक का असर पड़ेगा। यह टोल प्लाजा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 30 (पुराना एनएच-12) पर स्थित है, जहां टोल वसूली के लिए 63.550 किलोमीटर का खंड निर्धारित किया गया है। इस पूरे मामले का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि बरेला से मंडला के बीच करीब 70 किलोमीटर लंबे मार्ग का कायाकल्प मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरडीसी) ने कराया है। कांक्रीट सड़क, डामरीकरण और अन्य सुधार कार्यों के बावजूद फिलहाल सड़क का प्रबंधन एमपीआरडीसी के ही हाथ में रहेगा, लेकिन टोल प्लाजा का संचालन और वसूली की कमान एनएचएआई संभालेगा।
रोज़ाना सफर वालों के लिए पास का गणित
लगातार इस मार्ग से गुजरने वाले चालकों और ट्रांसपोर्टर्स के लिए मासिक पास की सुविधा भी रखी गई है।
कार और हल्के वाहन (50 यात्राओं तक): 2010 रुपये
हल्के वाणिज्यिक वाहन: 3250 रुपये
दो धुरी वाले बस-ट्रक: 6819 रुपये
तीन धुरी वाले वाहन: 7425 रुपये
चार से छह धुरी वाले वाहन: 10675 रुपये
सात या अधिक धुरी वाले भारी वाहन: 12995 रुपये
वहीं, टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले स्थानीय गैर-वाणिज्यिक वाहन चालकों को राहत देते हुए मासिक पास 360 रुपये में मिलेगा। इसके अलावा गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए 3075 रुपये का सालाना पास भी उपलब्ध होगा, जो एक साल या 200 बार टोल पार करने तक मान्य रहेगा।
फोरलेन का सपना और सख्त नियम-
जबलपुर से मंडला होते हुए चिल्पी तक जाने वाले इस मार्ग को भविष्य में फोरलेन बनाने की योजना से जोड़ा गया है। जब फोरलेन का काम आगे बढ़ेगा, तब यह मार्ग पूरी तरह एनएचएआई के अधीन आ जाएगा। एनएचएआई के मुताबिक, ये नई दरें 25 नवंबर 2026 से लागू होकर 31 मार्च 2027 या अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगी। टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य रहेगा और सूचना में 1 अप्रैल 2026 से नकद भुगतान स्वीकार न किए जाने का प्रावधान भी दर्ज किया गया है। यानी अब सफर आसान और आधुनिक सड़क पर जरूर होगा, लेकिन हर गुजऱ पर टोल का हिसाब भी जुड़ जाएगा।
जबलपुर-मंडला सफर पर टोल का नया झटका, अमतौला में काउंटडाउन शुरू
प्रेषित समय :20:00:53 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



