जबलपुर. शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र में एक सोलर कंपनी के भीतर चल रहे बड़े खेल और विश्वासघात का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि कंपनी के ही तीन जिम्मेदार कर्मचारियों ने मिलकर दूसरी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए, कंपनी के संसाधनों का गलत इस्तेमाल किया और करीब 70 से 75 ऑर्डर पर काम कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया. शिकायत के बाद पुलिस ने जीएम समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गंगोत्री अपार्टमेंट के सामने राइट टाउन निवासी अभिषेक बाधवा उम्र 36 वर्ष ट्योरिन सोलर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी संचालित करते हैं. उन्होंने 23 नवंबर 2026 को लार्डगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 अप्रैल 2026 को सिन्हा इंडस्ट्रीज के प्रोपराइटर अनुराग सिन्हा ने उन्हें फोन पर एक चौंकाने वाली बात बताई. अनुराग सिन्हा के मुताबिक, ट्योरिन सोलर के कर्मचारियों सुमित सेन और सुभाष विश्वकर्मा ने साइट सर्वे के बाद उन्हें कम दाम में दूसरी कंपनी से सोलर लगवाने का प्रलोभन दिया. इतना ही नहीं, आरोपियों ने अनुराग सिन्हा को एक फर्जी एनओसी भी दी, जिसमें लिखा था कि सिन्हा इंडस्ट्रीज को ट्योरिन सोलर के अलावा किसी अन्य कंपनी से सोलर संयंत्र लगवाने में कोई आपत्ति नहीं है.
इस खुलासे के बाद कंपनी संचालक सतर्क हो गए और उन्होंने अपने स्तर पर निगरानी शुरू की. 6 अप्रैल 2026 को उन्होंने कंपनी के कैमरे चेक किए और कर्मचारियों के बीच चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर छापा मारा. इस कार्रवाई में लाइजिंग टीम के सुमित सेन, डिजाइन टीम के सुभाष विश्वकर्मा और जीएम फजल तबिश को कथित तौर पर दूसरी कंपनियों का काम करते हुए पकड़ा गया. मौके से कंपनी द्वारा दिए गए कंप्यूटर और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए.
कंप्यूटर की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आने का दावा किया गया है. आरोप है कि कंप्यूटर में ट्योरिन सोलर कंपनी के डायरेक्टर के पासपोर्ट साइज फोटो, फोटोशॉप किए गए हस्ताक्षर, कंपनी की सील और ऑडिट रिपोर्ट की कॉपी मिली. इसके अलावा करीब 14 से 15 अन्य कंपनियों का डेटा भी मिला, जिनसे जुड़े लगभग 70 से 75 ऑर्डर का काम इन कर्मचारियों द्वारा किए जाने की बात सामने आई है.
शिकायत के अनुसार, सुभाष विश्वकर्मा दूसरी कंपनियों को डिजाइन और तकनीकी ड्राइंग उपलब्ध कराते थे, जिन्हें एमपीईबी में जमा किया जाता था. इन ड्राइंग्स का अप्रूवल सुमित सेन कराते थे, जबकि तकनीकी खामियों को फजल तबिश दूर करते थे. सुमित सेन की व्हाट्सएप चैट में आपस और अन्य वेंडरों के बीच पैसों के लेन-देन के सबूत मिलने का भी जिक्र है. आरोप है कि आरोपियों ने कंपनी के लाइसेंस सॉफ्टवेयर और प्रोपराइटरी फॉर्मेट का उपयोग किया तथा दूसरी कंपनियों के काम का सुपरविजन भी किया. पीडि़त की शिकायत पर लार्डगंज पुलिस ने आरोपी सुमित सेन, सुभाष विश्वकर्मा और मोह. फजल तबिश के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

