दुर्घटना में गलत ट्रैक्टर फंसाकर लिया 12.65 लाख का मुआवजा, हाईकोर्ट ने आदेश रद्द किया

दुर्घटना में गलत ट्रैक्टर फंसाकर लिया 12.65 लाख का मुआवजा, हाईकोर्ट ने आदेश रद्द किया

प्रेषित समय :15:13:39 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी हाईकोर्ट ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के मुआवजे के एक मामले में पुलिस जांच की गंभीर खामियां सामने आने पर 12.65 लाख रुपए का मुआवजा देने का आदेश रद्द कर दिया है. कोर्ट ने पाया कि हादसे में जिस ट्रैक्टर को शामिल बताया गया, उसके नंबर में ही गड़बड़ी थी.

जिन लोगों को चश्मदीद गवाह बताया गया, उन्होंने भी हादसा देखने से इनकार कर दिया. जस्टिस विवेक अग्रवाल की एकलपीठ ने बीमा कंपनी की अपील स्वीकार करते हुए जांच अधिकारी आरक्षक रामशंकर परते के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं. साथ ही मुआवजा बढ़ाने की मांग करने वाली दावेदारों की याचिकाएं भी खारिज कर दी हैं. मामला 30 अप्रैल 2019 का है. अतरालिया रोड पर नहर के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बंशी उर्फ बंशीलाल की मौत हो गई थी. भोपाल के मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण ने 30 जनवरी 2023 को मृतक के परिजनों को 12.65 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया था. बीमा कंपनी ने इसे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. सुनवाई के दौरान पुलिस जांच में बड़ी विसंगति सामने आई. रिकॉर्ड के मुताबिक, हादसे के बाद पुलिस ने 6 जून 2019 को ट्रैक्टर नंबर एमपी 37 एबी 4896 जब्त किया था, लेकिन अंतिम रिपोर्ट (चालान) दूसरे ट्रैक्टर नंबर एमपी 05 एबी 4896 के खिलाफ पेश कर दी.

जांच अधिकारी ने जिन चश्मदीदों के बयान दर्ज करने का दावा किया था, उनके बयान भी चालान के साथ संलग्न नहीं थे. कोर्ट में पेश किए गए गवाहों के बयानों में भी विरोधाभास मिला. मुख्य गवाह मुकेश कुमार और प्रकाश कुमार ने जिरह में स्वीकार किया कि वे घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थे. उन्होंने केवल यह सुना था कि हादसा ट्रैक्टर से हुआ है. एक अन्य गवाह मृगेंद्र चौहान ने भी स्वीकार किया कि उसने न तो पुलिस को घटना की सूचना दी और न ही घायल को अस्पताल पहुंचाया. वह मृतक के बेटे के कहने पर गवाही देने कोर्ट आया था.

ट्रिब्यूनल ने साक्ष्यों की अनदेखी कर दिया था मुआवजा-

हाईकोर्ट ने कहा कि निचली अदालत ने इन महत्वपूर्ण विसंगतियों और साक्ष्यों पर पर्याप्त विचार किए बिना यांत्रिक तरीके से मुआवजा देने का आदेश पारित किया. उपलब्ध साक्ष्यों से दुर्घटना में संबंधित ट्रैक्टर की संलिप्तता साबित नहीं हुई. कोर्ट ने माना कि गलत वाहन को मामले में शामिल कर मुआवजा हासिल करने का प्रयास किया गया था. इसी आधार पर 30 जनवरी 2023 का मुआवजा आदेश निरस्त कर दिया गया.

30 दिन में जांच रिपोर्ट पेश कराने के निर्देश

मामले में जांच अधिकारी आरक्षक रामशंकर परते की भूमिका पर भी कोर्ट ने सवाल उठाए. हाईकोर्ट ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिया है कि सीहोर एसपी के माध्यम से उनके खिलाफ विभागीय जांच कराई जाए. कोर्ट ने जांच अधिकारी की भूमिका में भ्रष्टाचार या किसी अन्य लाभ के उद्देश्य से दावेदारों को फायदा पहुंचाने की आशंका भी जताई है. जांच रिपोर्ट 30 दिनों के भीतर पेश करने के निर्देश दिए गए हैं. दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए. 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-