जबलपुर-कटनी के यात्रियों को राहत, तीन स्पेशल ट्रेनों से कर सकेंगे लंबा सफर

जबलपुर-कटनी के यात्रियों को राहत, तीन स्पेशल ट्रेनों से कर सकेंगे लंबा सफर

प्रेषित समय :17:24:09 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. छठ पर्व के बाद ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने तीन प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला किया है. दानापुर से अहमदाबाद, सहरसा से लोकमान्य तिलक टर्मिनस और दानापुर से बेंगलुरु कैंट के बीच विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. इन ट्रेनों के चलने से मध्यप्रदेश के यात्रियों को भी काफी राहत मिलेगी. खास बात यह है कि इनका ठहराव पश्चिम मध्य रेल के सतना, कटनी, जबलपुर, दमोह, बीना, विदिशा, संत हिरदाराम नगर और इटारसी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा.

रेलवे प्रशासन के मुताबिक, त्योहार के बाद अपने घरों और कार्यस्थलों की ओर लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है. सभी ट्रेनें निर्धारित तिथियों पर सीमित ट्रिप के लिए चलाई जाएंगी.

दानापुर से अहमदाबाद के लिए वन-वे स्पेशल
गाड़ी संख्या 03223 दानापुर-अहमदाबाद वन-वे स्पेशल 25 नवंबर 2026 को रात 10:30 बजे दानापुर से रवाना होगी. यह ट्रेन आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी और मानिकपुर होते हुए 26 नवंबर को सुबह 8:45 बजे सतना पहुंचेगी.

इसके बाद ट्रेन सुबह 10:25 बजे कटनी मुड़वारा, दोपहर 12:30 बजे दमोह, 3:10 बजे बीना, शाम 4:40 बजे विदिशा और 5:55 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी. आगे उज्जैन, नागदा, रतलाम, दाहोद, गोधरा, छायापुरी और आणंद होते हुए 27 नवंबर को सुबह 6 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी.

सहरसा-मुंबई के बीच चलेंगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें
सहरसा और लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए एक-एक ट्रिप अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी. गाड़ी संख्या 05587 सहरसा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस स्पेशल 25 नवंबर को शाम 5:45 बजे सहरसा से रवाना होगी.

यह ट्रेन 26 नवंबर को सुबह 11:10 बजे सतना, दोपहर 12:35 बजे कटनी, 2:05 बजे जबलपुर और शाम 5:40 बजे इटारसी पहुंचेगी. यहां से खंडवा होते हुए 27 नवंबर को सुबह 5:30 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी.

वापसी में गाड़ी संख्या 05588 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सहरसा स्पेशल 27 नवंबर को सुबह 8:30 बजे मुंबई से रवाना होगी. खंडवा और इटारसी होते हुए यह ट्रेन रात 11:30 बजे जबलपुर पहुंचेगी. इसके बाद 28 नवंबर को रात 12:50 बजे कटनी और तड़के 2:15 बजे सतना पहुंचेगी. ट्रेन के सहरसा पहुंचने का समय उसी दिन रात 10 बजे निर्धारित किया गया है.

22 एलएचबी कोच से लैस होगी ट्रेन: इस अनारक्षित स्पेशल में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे. इनमें 19 सामान्य द्वितीय श्रेणी के अनारक्षित कोच, लॉक स्थिति में एक पेंट्री कार और दो एसएलआरडी कोच शामिल होंगे. ट्रेन का ठहराव सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सोनपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा, बक्सर, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड और कल्याण सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा.

दानापुर-बेंगलुरु के बीच भी चलेगी स्पेशल ट्रेन
दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए दानापुर और बेंगलुरु कैंट के बीच भी एक-एक ट्रिप एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी. गाड़ी संख्या 03241 दानापुर-बेंगलुरु कैंट स्पेशल 25 नवंबर को रात 8:45 बजे दानापुर से रवाना होगी.

यह ट्रेन 26 नवंबर को सुबह 7:45 बजे सतना, 9:20 बजे कटनी, दोपहर 12:10 बजे जबलपुर और शाम 5:30 बजे इटारसी पहुंचेगी. इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए 27 नवंबर को रात 1 बजे बेंगलुरु कैंट पहुंचेगी.

वापसी में गाड़ी संख्या 03242 बेंगलुरु कैंट-दानापुर स्पेशल 28 नवंबर को दोपहर 3 बजे बेंगलुरु कैंट से रवाना होगी. यह ट्रेन 29 नवंबर को रात 10:10 बजे इटारसी पहुंचेगी. इसके बाद 30 नवंबर को तड़के 3:30 बजे जबलपुर, सुबह 6:30 बजे कटनी और 8:05 बजे सतना पहुंचेगी. इसी दिन शाम 6 बजे दानापुर पहुंचकर यात्रा पूरी करेगी.

20 कोच के साथ होगा संचालन: इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 6 स्लीपर, 12 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं. दोनों दिशाओं में आरा, बक्सर, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, बल्हारशाह, काजीपेट, सिकंदराबाद, विकाराबाद, कृष्णा, रायचूर, गुंटकल, अनंतपुर, धर्मावरम, हिन्दुपुर और यलहंका स्टेशनों पर ठहराव दिया जाएगा.

रेलवे के इस फैसले से छठ पर्व के बाद बिहार, मुंबई, गुजरात और दक्षिण भारत की ओर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी. खासकर मध्यप्रदेश के यात्रियों के लिए सतना, कटनी, जबलपुर और इटारसी से लंबी दूरी की यात्रा के नए विकल्प उपलब्ध होंगे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-