रोहतक. हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया. खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे पर बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर चार युवकों की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने पांच हमलावर स्विफ्ट कार से पहुंचे थे. उन्होंने ढाबे पर बैठे युवकों पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. ताबड़तोड़ फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए लोग टेबल और कुर्सियों के पीछे छिप गए. चार हत्याओं के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. पुलिस चौकी के इतने करीब हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
घटना बुधवार रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है. उस समय मिलन ढाबे पर कुछ युवक खाना खा रहे थे. तभी स्विफ्ट कार में सवार होकर पांच बदमाश वहां पहुंचे. इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, हमलावरों ने युवकों पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. फायरिंग में तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, चौथा युवक जान बचाने के लिए भागा तो बदमाशों ने उसका पीछा किया और उसे भी गोलियों से छलनी कर दिया. वारदात के बाद आरोपी कुछ देर तक हथियार लहराते रहे और फिर कार में बैठकर फरार हो गए.
मृतकों में तीन युवक डीघल गांव के निवासी
हत्याकांड में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान झज्जर जिले के डीघल गांव निवासी रिंकू, विनित और गंजू तथा बेरी क्षेत्र के हिमांशु के रूप में हुई है. घटना के बाद मृतकों के गांवों में शोक का माहौल है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
भाऊ और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच गैंगवार की आशंका
चार युवकों की सामूहिक हत्या को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया गैंग के बीच चल रही दुश्मनी से जोड़कर देखा जा रहा है. शुरुआती आशंका है कि पुरानी रंजिश के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया. पुलिस इस वारदात के तार डीघल गांव में कुछ दिन पहले हुई एक युवक की हत्या से भी जोड़कर जांच कर रही है. हालांकि, हत्या की असली वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है.
आधी रात को मौके पर पहुंचे आईजी और एसपी
चार युवकों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. रोहतक पुलिस रेंज के आईजी हामिद अख्तर आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचे. एसपी गौरव राजपुरोहित सहित जिले के अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस ने हमलावरों तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. स्विफ्ट कार की पहचान करने और आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. पुलिस गैंगवार, पुरानी रंजिश और हालिया हत्याकांड सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

