जबलपुर में संविधान दिवस पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, संविधान रक्षा मार्च निकालकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

जबलपुर में संविधान दिवस पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, संविधान रक्षा मार्च निकालकर भाजपा सरकार पर साधा निशाना

प्रेषित समय :16:05:15 PM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. संविधान दिवस के अवसर पर आज प्रदेश कांग्रेस ने जबलपुर में  संविधान रक्षा मार्च निकालकर अपनी एकजुटता दिखाई. गोल बाजार से शुरू होकर सुपर मार्केट, अंधेरदेव, टाउन हॉल, तुलाराम चौक और मालवीय चौक होते हुए वापस गोल बाजार पर समाप्त हुए इस मार्च के माध्यम से कांग्रेस ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का आरोप लगाया. इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. आयोजन को सफल बनाने के लिए युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने विशेष रूप से युवाओं और जेन-जी को जोडऩे का प्रयास किया.

जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि संविधान की रक्षा करना हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है. उन्होंने केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि देश में व्यवस्थित तरीके से कथित वोट चोरी का तंत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे चुनावी निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं. पटवारी ने जबलपुर को क्रांति की जन्मस्थली और संविधान पीठ का प्रमुख केंद्र बताते हुए कहा कि मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा.

संसद सत्र और महिला आरक्षण पर घमासान-

राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने संसद के शीतकालीन सत्र में हो रही देरी पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि 20 नवंबर के बाद सत्र शुरू हो जाना चाहिए था, लेकिन अनिश्चितता की स्थिति सांसदों का अपमान है. 1975 के आपातकाल से जुड़े सवाल पर तन्खा ने स्पष्ट किया कि वे इसके समर्थक नहीं हैं और उन्हें गर्व है कि उनके पिता उन दो न्यायाधीशों में शामिल थे जिन्होंने आपातकाल के खिलाफ पहला ऐतिहासिक फैसला सुनाया था. वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा नेताओं को डॉ. भीमराव अंबेडकर की किताबें पढऩे की सलाह दी. उन्होंने महिला आरक्षण (33 प्रतिशत) को लागू करने में हो रही देरी और परिसीमन की प्रक्रिया पर केंद्र की मंशा पर सवाल उठाए.

मुख्यमंत्री की यात्रा पर अजय सिंह का तंज-

पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने बताया कि दिल्ली के रामलीला मैदान से शुरू हुए इस अभियान के तहत पहले भोपाल और फिर जबलपुर को चुना गया. उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की लोकतंत्र बचाओ यात्रा पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया कि मुख्यमंत्री आखिर क्या बचाना चाहते हैं, क्या उनका उद्देश्य जबलपुर में जमीन से जुड़े किसी मामले को बचाना है. कांग्रेस नेताओं ने अंत में आरक्षण, महिला अधिकारों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता की रक्षा का संकल्प दोहराया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-