जबलपुर.दिसंबर में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने प्रयागराज और सुबेदारगंज से सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (एसएमवीटी), बेंगलुरु के बीच स्पेशल ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है. इन ट्रेनों से मध्यप्रदेश के यात्रियों को भी राहत मिलेगी. पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर, कटनी, सतना, बीना, रानी कमलापति और इटारसी स्टेशनों पर इनका ठहराव रहेगा. रेलवे दोनों रूटों पर विशेष ट्रेनों का संचालन अलग-अलग तारीखों में करेगा.
प्रयागराज-बेंगलुरु के बीच दो-दो ट्रिप स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 04151 प्रयागराज-एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन 16 और 23 दिसंबर को बुधवार को प्रयागराज से शाम 6 बजे रवाना होगी. अगले दिन यह ट्रेन सुबह 7:25 बजे बीना पहुंचेगी और 7:30 बजे रवाना होगी. इसके बाद सुबह 9:30 बजे रानी कमलापति और 11 बजे इटारसी स्टेशन पहुंचेगी. दोनों स्टेशनों से पांच-पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना होगी. निर्धारित मार्ग से होते हुए शनिवार सुबह 7 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी.
वापसी में गाड़ी संख्या 04152 एसएमवीटी बेंगलुरु-प्रयागराज स्पेशल ट्रेन 19 और 26 दिसंबर को शनिवार सुबह 7 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी. यह ट्रेन इटारसी में दोपहर 12:35 बजे, रानी कमलापति में दोपहर 2:15 बजे और बीना में शाम 4:45 बजे पहुंचेगी. यहां निर्धारित ठहराव के बाद प्रयागराज के लिए रवाना होगी और सोमवार सुबह 6:30 बजे अपने गंतव्य पर पहुंचेगी.
सुबेदारगंज-बेंगलुरु के बीच तीन-तीन फेरे लगाएगी साप्ताहिक ट्रेन
रेलवे दूसरी स्पेशल ट्रेन सुबेदारगंज और एसएमवीटी बेंगलुरु के बीच चलाएगा. गाड़ी संख्या 04171 सुबेदारगंज-एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन 11, 18 और 25 दिसंबर को प्रत्येक शुक्रवार रात 9:20 बजे सुबेदारगंज से रवाना होगी.
यह ट्रेन शनिवार को रात 1:35 बजे सतना, 2:50 बजे कटनी और सुबह 4:10 बजे जबलपुर पहुंचेगी. इसके बाद सुबह 8:10 बजे इटारसी स्टेशन पहुंचेगी. निर्धारित ठहराव के बाद आगे रवाना होकर रविवार रात 9 बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी.
वापसी में गाड़ी संख्या 04172 एसएमवीटी बेंगलुरु-सुबेदारगंज स्पेशल ट्रेन 14, 21 और 28 दिसंबर को प्रत्येक सोमवार सुबह 7 बजे बेंगलुरु से रवाना होगी. यह ट्रेन इटारसी में दोपहर 3:25 बजे, जबलपुर में शाम 7:30 बजे, कटनी में रात 9:55 बजे और सतना में रात 11 बजे पहुंचेगी. इसके बाद बुधवार सुबह 4:30 बजे सुबेदारगंज पहुंचेगी.
इन स्टेशनों पर भी मिलेगा ठहराव
दोनों स्पेशल ट्रेनों का ठहराव अलग-अलग स्टेशनों पर रहेगा. प्रयागराज-बेंगलुरु ट्रेन शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, राजनगर, छतरपुर, टीकमगढ़, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति और इटारसी सहित कई स्टेशनों पर रुकेगी.
वहीं, सुबेदारगंज-बेंगलुरु ट्रेन शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर और इटारसी के अलावा नागपुर, बल्लारशाह, सिकंदराबाद, रायचूर, गुंटकल, अनंतपुर, धर्मावरम और येलहंका सहित अन्य स्टेशनों पर ठहरेगी.
सुबेदारगंज-बेंगलुरु ट्रेन में 20 कोच
सुबेदारगंज-एसएमवीटी बेंगलुरु स्पेशल ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 1 वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 9 स्लीपर, 6 जनरल और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे.
रेलवे का कहना है कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से दिसंबर के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी. विशेष रूप से मध्यप्रदेश से बेंगलुरु जाने और वहां से लौटने वाले यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-




