महिला ने 10 साल किस्त देकर सुनार से सोने के जेवर खरीदे, वे निकले नकली

महिला ने 10 साल किस्त देकर सुनार से सोने के जेवर खरीदे, वे निकले नकली

प्रेषित समय :16:02:20 PM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. घमापुर क्षेत्र के बरुउ मोहल्ला में रहने वाली महिला मिथलेश रैकवार ने दस साल तक सराफा कारोबारी को किस्तों में रुपए देकर सोने के जेवर खरीदती रही. उक्त जेवर समय के साथ काले पडऩे लगे, जिससे महिला घबरा गई, उसने दूसरे सुनार के यहां पर जेवर चेक कराए तो सारे नकली निकले. सराफा कारोबारी द्वारा लाखों रुपए लेने के बाद की गई धोखाधड़ी से घबराई महिला ने घमापुर थाना पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है.

मामला बरऊ मोहल्ला घमापुर निवासी 45 वर्षीय मिथलेश रैकवार से जुड़ा है, जो मजदूरी का काम करती हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, वह बीते लगभग एक दशक से सचिन सोनी नामक दुकान संचालक से धीरे-धीरे किस्तों में सोने-चांदी के जेवर खरीदती आ रही थीं. यह दुकान पहले कांचघर इलाके में थी, जो अब झामनदास चौक के पास संचालित हो रही है. भरोसे के इस लंबे सफर में महिला ने 8 ग्राम का सोने का हार, 13 ग्राम की झुमकी, 5 ग्राम का बड़ा मंगलसूत्र, 2.700 ग्राम और 2 ग्राम के दो छोटे मंगलसूत्र, 1.8 ग्राम की बेंदी, 3 ग्राम वजन के सोने की पट्टी लगे 4 प्लास्टिक के कड़े, ढाई ग्राम का पंचाली हार, काले मोतियों के साथ पिरोए सोने के 18 मोती, 250 ग्राम चांदी की 2 जोड़ी पायल और 7.7 ग्राम की 4 लरी की पायल सहित कुल लगभग 6 लाख 69 हजार 681 रुपये के जेवर जुटाए थे.

सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन वक्त के साथ जेवरों की रंगत बदलने लगी और वे धीरे-धीरे काले पडऩे लगे. इसी बदलाव ने महिला के मन में शक की चिंगारी सुलगा दी. जब उन्होंने दूसरी दुकान पर जाकर इन गहनों की जांच कराई, तो जो सच सामने आया उसने उन्हें भीतर तक हिला दिया—जिन जेवरों को वह असली समझकर संजो रही थीं, वे नकली निकले. हकीकत जानने के बाद पीडि़त महिला 'प्राप्ति ज्वेलर्सÓ की दुकान पहुंचीं और संचालक सचिन सोनी से सवाल किया, लेकिन आरोप है कि वह टालमटोल करने लगा. पीडि़त पक्ष का यह भी कहना है कि गहने खरीदते समय कभी पक्की रसीद नहीं दी जाती थी और जब रसीद मांगी गई, तो काट-छांट व ओवरराइटिंग वाली एक ऐसी पर्ची थमा दी गई, जिस पर दुकान का नाम तक अंकित नहीं था. 25 नवंबर 2026 को महिला की शिकायत पर घमापुर पुलिस ने आरोपी सचिन सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-