जबलपुर. सिहोरा-मझौली मुख्य मार्ग पर बीती की रात करीब 11 बजे रफ्तार के सौदागरों ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पल भर में छीन लीं. ग्राम दर्शनी के समीप एक तेज रफ्तार और लापरवाह ट्रैक्टर चालक ने सामने से आ रही मोटरसाइकिल को इतनी भीषण टक्कर मारी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए. इस दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में 21 वर्षीय छोटे भाई जेश गोंटिया की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई जितेश उर्फ गोलू गोंटिया गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.
घटना के वक्त सिहोरा के मनसकरा वार्ड नंबर 1 निवासी दोनों सगे भाई जेश और जितेश ग्राम उमरधा (करौंदी) से अपनी धान की फसल कटवाकर खुशी-खुशी घर लौट रहे थे. उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि अंधेरे रास्ते में मौत ट्रैक्टर के रूप में उनका इंतजार कर रही है. जैसे ही उनकी बाइक ग्राम दर्शनी से आगे बढ़ी, सामने से काल बनकर आ रहे अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे. जेश के सिर और माथे पर गहरी चोटें आईं, जिससे वह खून से लथपथ होकर अचेत हो गया.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. राहगीरों की मदद से दोनों लहूलुहान भाइयों को आनन-फानन में निजी एंबुलेंस के जरिए सिहोरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद जेश को मृत घोषित कर दिया. छोटे भाई की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, बड़े भाई जितेश की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक भाइयों की मदद करने के बजाय अपना वाहन मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. सूचना मिलते ही सिहोरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और फरार आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

