नई दिल्ली. प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर गठबंधन के प्रमुख नेताओं की अहम बैठक हुई. इसमें संसद के आगामी विशेष सत्र और केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित गठबंधन के विभिन्न दलों के फ्लोर लीडर्स शामिल हुए.
खरगे ने बताया लोकतंत्र के लिए खतरा
बैठक के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रस्तावित विधेयक को लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया. उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन के सभी नेताओं ने इन विधेयकों का एकजुट होकर विरोध करने का फैसला किया है. खरगे ने मोदी सरकार पर सत्ता का केंद्रीकरण करने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने आशंका जताई कि प्रस्तावित कानूनों का अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के अधिकारों तथा राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है.
परिसीमन और महिला आरक्षण पर विपक्ष की तीन प्रमुख मांगें
बैठक के दौरान कांग्रेस ने सोशल मीडिया के जरिए परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष की मांगें भी स्पष्ट कीं. पार्टी के मुताबिक, विपक्ष की तीन प्रमुख मांगें हैं.
1. लोकसभा सीटों की संख्या यथावत रहे: विपक्ष चाहता है कि लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या बरकरार रखी जाए और परिसीमन के नाम पर सीटों में बढ़ोतरी न की जाए.
2. महिला आरक्षण तत्काल लागू हो: कांग्रेस का कहना है कि महिलाओं को आरक्षण देने के लिए परिसीमन या लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने का इंतजार नहीं किया जाना चाहिए. मौजूदा लोकसभा सीटों के आधार पर ही महिला आरक्षण लागू किया जाए.
3. राज्यों का प्रतिनिधित्व सुरक्षित रहे: विपक्ष की मांग है कि विभिन्न राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात और प्रतिनिधित्व अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाए, ताकि किसी भी राज्य की राजनीतिक हिस्सेदारी प्रभावित न हो.
INDIA गठबंधन का कहना है कि परिसीमन की प्रक्रिया में राज्यों के प्रतिनिधित्व और लोकतांत्रिक संतुलन का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए. इसी मुद्दे पर विपक्ष संसद के विशेष सत्र में सरकार के प्रस्तावित विधेयकों का संयुक्त रूप से विरोध करने की तैयारी में है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

