जबलपुर. एमपी हाईकोर्ट ने जीवन बीमा पॉलिसी की रकम पर पत्नी का पूरा अधिकार माना है. कोर्ट ने पति की बीमा पॉलिसी में एकमात्र नॉमिनी पत्नी होने के आधार पर माता-पिता और बहन की दावेदारी खारिज कर दी. जस्टिस विवेक जैन की एकलपीठ ने पत्नी मोनिका बडगुजर की याचिका स्वीकार करते हुए बीमा राशि चार लोगों में बराबर बांटने के निचली अदालत के आदेश को पलट दिया. कोर्ट ने बीमा अधिनियम, 1938 की धारा 39(7) के प्रावधानों की भी व्याख्या की.
यह मामला एमटीएनएल कर्मचारी मुकेश कहर की 10 जुलाई 2017 को हुई मौत के बाद शुरू हुआ था. उन्होंने अपनी जीवन बीमा पॉलिसी में पत्नी मोनिका को एकमात्र नॉमिनी बनाया था. पति की मौत के बाद उनके माता-पिता और बहन ने उत्तराधिकार प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन किया. सिविल कोर्ट ने नवंबर 2023 में पीएफ, ग्रेच्युटी और बीमा की रकम को चारों के बीच एक-एक चौथाई बांटने का आदेश दिया था. नरसिंहपुर के चतुर्थ जिला न्यायाधीश ने मार्च 2025 में भी इस आदेश को बरकरार रखा. इसके बाद मोनिका ने अधिवक्ता अजय शंकर रायजादा के माध्यम से हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आदेश को चुनौती दी थी. सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने बीमा अधिनियम, 1938 की धारा 39(7) की व्याख्या की.
यह प्रावधान वर्ष 2015 के संशोधन से जुड़ा है. कोर्ट ने कहा कि यदि बीमाधारक ने पत्नी, बच्चों या माता-पिता जैसे निर्दिष्ट करीबी परिजनों को नॉमिनी बनाया है, तो संबंधित परिस्थितियों में वही बीमा राशि के लाभार्थी होंगे. ऐसी स्थिति में दूसरे कानूनी वारिस केवल उत्तराधिकार के आधार पर बीमा राशि में हिस्सा नहीं मांग सकते. इसी आधार पर कोर्ट ने मोनिका को पूरी बीमा राशि का हकदार माना और माता-पिता व बहन का दावा खारिज कर दिया.
हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि हर नॉमिनी को अपने आप बीमा राशि पर मालिकाना हक नहीं मिल जाता. यदि किसी व्यक्ति ने पॉलिसी लेते समय अपने माता-पिता को नॉमिनी बनाया हो और बाद में उसकी शादी हो जाए या बच्चे हो जाएं, तो ऐसी स्थिति में धारा 39(7) का लाभ स्वत: लागू नहीं होगा. ऐसे मामलों में नॉमिनी की भूमिका केवल बीमा राशि प्राप्त करने तक सीमित हो सकती है.
इस मामले में बीमाधारक ने पत्नी को ही एकमात्र नॉमिनी बनाया था, इसलिए हाईकोर्ट ने पूरी बीमा राशि पर पत्नी का अधिकार बरकरार रखा. कानूनी जानकारों के अनुसार, यह फैसला जीवन बीमा पॉलिसियों में नॉमिनी और अन्य कानूनी वारिसों के अधिकारों के बीच अंतर स्पष्ट करता है. हालांकि, यह अधिकार अधिनियम की निर्धारित शर्तों और मामले के तथ्यों के आधार पर ही लागू होगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

