जबलपुर में शीतलहर का असर तेज, दो दिन में 10 डिग्री तक लुढ़का पारा

जबलपुर में शीतलहर का असर तेज, दो दिन में 10 डिग्री तक लुढ़का पारा

प्रेषित समय :20:03:12 PM / Fri, Nov 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. उत्तर दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं ने जबलपुर सहित पूरे महाकोशल क्षेत्र में ठंड का असर बढ़ा दिया है. सुबह और रात के समय ठिठुरन लगातार बढ़ रही है. शहर में लगातार दूसरे दिन शीतलहर का प्रभाव बना रहा और रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इस सीजन में पहली बार रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंचा है.

दिन के तापमान में भी अब गिरावट देखने को मिल रही है. शुक्रवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री कम होकर 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है, जिससे आने वाले दिनों में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.

सुबह कोहरे की चादर, दिनभर चली सर्द हवाएं

शुक्रवार सुबह शहर और आसपास के क्षेत्रों में कोहरे और ठंड का असर साफ दिखाई दिया. ग्रामीण इलाकों में कोहरा इतना घना रहा कि कुछ स्थानों पर पास खड़ा व्यक्ति भी दिखाई नहीं दे रहा था. दिनभर ठंडी हवाओं के कारण वातावरण में ठंडक बनी रही, जबकि शाम और रात होते ही ठिठुरन और बढ़ गई.

ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों के साथ अलाव का सहारा लेते नजर आए. सुबह और रात के समय सड़कों पर ठंड का असर अधिक महसूस किया जा रहा है.

उत्तर दिशा से आ रही बर्फीली हवाएं बढ़ा रहीं ठंड

क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के अनुसार, हवाओं की दिशा पूरी तरह उत्तर हो गई है. पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट हो रही है. वातावरण में नमी रहने से सुबह और रात के समय कोहरा भी छा रहा है.

मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए आने वाले दिनों में जबलपुर और संभाग के अन्य जिलों में कोहरे के साथ ठंड और बढ़ने की संभावना जताई गई है.

रात का तापमान 7 डिग्री तक पहुंचने की संभावना

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, जबलपुर में आने वाले दिनों में रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 7.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इससे रात और सुबह के समय ठंड का असर और तेज होने की संभावना है.

वहीं कटनी और दमोह जिलों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर से लगातार आ रही ठंडी हवाओं के कारण महाकोशल क्षेत्र में फिलहाल सर्दी से राहत मिलने के आसार कम नजर आ रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-