नवी मुंबई. महाराष्ट्र के नवी मुंबई में सोने की बड़ी लूट की वारदात सामने आई है. जुईनगर एमआईडीसी इलाके में गुरुवार रात चार बदमाशों ने सोने के आभूषणों की ढुलाई कर रहे वाहन को निशाना बनाया. बदमाशों ने पहले वाहन का रास्ता रोका और फिर डंडों व लोहे की सरिया से हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए. कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के बाद आरोपी 16 किलो 400 ग्राम सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए. लूटे गए सोने की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
वैगनआर कार से पहुंचे थे बदमाश
पुलिस के मुताबिक, वारदात गुरुवार (26 नवंबर) रात करीब 9:45 बजे जुईनगर एमआईडीसी के सर्विस रोड पर हुई. उस समय चार कर्मचारी एक वाहन में सोने के आभूषण लेकर जा रहे थे. इसी दौरान वैगनआर कार में सवार चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया. इसके बाद आरोपी कार से उतरे और लकड़ी के डंडों तथा लोहे की सरिया से वाहन के शीशे तोड़ने लगे.
कर्मचारियों से मारपीट कर लूटा सोना
बदमाशों ने वाहन में मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की और सोने से भरा बैग लेकर फरार हो गए. बैग में 16 किलो 400 ग्राम सोना था, जिसमें आभूषण और सोने की छड़ें शामिल थीं. इसकी बाजार कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है. वारदात के बाद पीड़ित कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी.
आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी के लिए चार टीमें
सूचना मिलते ही तुर्भे पुलिस और अपराध शाखा की टीमें जांच में जुट गईं. पुलिस ने चारों आरोपियों की पहचान कर ली है. उनकी गिरफ्तारी और लूटे गए सोने की बरामदगी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार और हथियार भी जब्त कर लिए हैं. जांच के दौरान कुछ अहम सबूत मिलने की बात भी सामने आई है.
सर्राफा कारोबारियों में बढ़ी चिंता
पुलिस उपायुक्त विजय खरात के मुताबिक, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(6) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस सोने के स्रोत और उसकी ढुलाई से जुड़ी जानकारी भी जुटा रही है. करीब 20 करोड़ रुपये के सोने की इस लूट से नवी मुंबई के सर्राफा कारोबारियों में चिंता का माहौल है. पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तेजी से कार्रवाई की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

